करंट से हाथियों की मौत पर हाईकोर्ट का आदेश, जंगलों में बिजली लाइनों की ऊंचाई 20 फीट की जाए

      Date:

      • ढीले और झुके तारों को दुरुस्त करने के निर्देश, जमीन के पास लगे तार हटाने और 11 केवी व एलटी लाइनों में कवर्ड कंडक्टर लगाने पर जोर

          बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में करंट लगने से हाथियों की लगातार हो रही मौतों के मामले में हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने राज्य सरकार और बिजली विभाग को वन क्षेत्रों में बिजली लाइनों को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने वन एवं ऊर्जा विभाग से जवाबदेही तय करने और जंगलों में बिजली के तारों की ऊंचाई बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा है। साथ ही बिजली विभाग से इस संबंध में शपथ पत्र भी मांगा है।

          हाईकोर्ट ने भारत सरकार की वर्ष 2020 की गाइडलाइन का पालन करने पर जोर दिया है। इसके तहत जंगलों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली लाइनों की ऊंचाई 20 फीट करने और जमीन के पास मौजूद तारों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। कोर्ट ने वन क्षेत्रों में ढीली और झुकी हुई बिजली लाइनों को दुरुस्त करने, तारों की ऊंचाई बढ़ाने तथा 11 केवी और एलटी लाइनों में कवर्ड कंडक्टर लगाने जैसे सुरक्षा उपायों पर भी जोर दिया है। गौरतलब है कि पिछली सुनवाइयों के दौरान भी हाईकोर्ट ने वन्यजीवों की करंट से बढ़ती मौतों पर गंभीर चिंता जताई थी। अदालत ने वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से विस्तृत शपथ पत्र मांगा था।

          31 अगस्त 2026 को कोर्ट में पेश किए गए रिकॉर्ड के अनुसार, वन विभाग और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी संवेदनशील हाथी विचरण क्षेत्रों में नंगे तारों की जगह इंसुलेटेड केबल लगाने, ढीले तारों को कसने और बिजली लाइनों में सुधार के लिए संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। सरकार ने अदालत को बताया कि हाथी प्रभावित गांवों में अवैध बिजली के तार और करंटयुक्त बाड़ लगाने के खिलाफ मुनादी कराई जा रही है। किसानों को बिजली पंप के बजाय सौर पैनल आधारित सिंचाई व्यवस्था अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

          लगातार सामने आती हैं हाथियों की मौत की घटनाएं

          सरगुजा, रायगढ़, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर और बिलासपुर के वन क्षेत्रों में बिजली के ढीले तारों और खेतों व बोरवेल की सुरक्षा के लिए बिछाए गए अवैध बिजली तारों की चपेट में आने से हाथियों की मौत की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसी को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका पर सुनवाई चल रही है। उदयपुर वन परिक्षेत्र के कुसवामुंडा जंगल में आठ वर्षीय हथिनी का शव मिला था। उसकी मौत खेत की फसल बचाने के लिए बिछाए गए अवैध बिजली तार की चपेट में आने से हुई थी। वहीं कोरबा वनमंडल के एक नाले में भी हाथी मृत पाया गया था, जिसमें शुरुआती तौर पर करंट लगने की आशंका जताई गई थी। इसी तरह रायगढ़ जिले में दो हाथियों के शव नदी में तैरते मिले थे। जांच में दोनों की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई थी। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में भी लिया गया था। हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद अब वन क्षेत्रों में बिजली लाइनों की ऊंचाई बढ़ाने, ढीले तारों को दुरुस्त करने और अवैध करंटयुक्त तारों पर रोक लगाने को लेकर वन एवं बिजली विभाग की जिम्मेदारी बढ़ गई है।

          करंट लगने से हाथी शावक की हुई मौत, रातभर चिंघाड़ता रहा हाथियों का दल

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related