छत्तीसगढ़ में विज्ञान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा, साइंस सिटी की स्थापना की तैयारी तेज

      Date:

      • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा की, युवाओं को पेटेंट और बौद्धिक संपदा अधिकार दिलाने में सहयोग के निर्देश

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के साथ आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया है। उन्होंने नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना से जुड़ी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचारकर्ताओं को उनकी खोजों एवं मौलिक विचारों के संरक्षण के लिए बौद्धिक संपदा अधिकार प्राप्त करने में आवश्यक सहयोग दिया जाए।

          मुख्यमंत्री साय ने बुधवार को महानदी भवन, अटल नगर नवा रायपुर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों का लाभ शासन के विभिन्न विभागों के साथ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तावित साइंस सिटी की योजनाओं की जानकारी दी गई। यहां 7-डी थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, अंतरिक्ष एवं खगोल विज्ञान दीर्घा, ऑन एयर विज्ञान पार्क, द ग्रीन गार्डियन, स्पेस ओडिसी, साइंस ऑन स्फीयर, डिजिटल पैनोरमा, ऑडिटोरियम और नवीकरणीय ऊर्जा पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

          https://dprcg.gov.in/post/1795626579/रायपुर-मुख्यमंत्री-श्री-विष्णु-देव-साय-ने-की-विज्ञान-एवं-प्रौद्योगिकी-विभाग-के-कार्यों-की-समीक्षा

          इन सुविधाओं के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को विज्ञान के जटिल सिद्धांतों तथा आधुनिक तकनीकों को सरल, रोचक और अनुभव के आधार पर समझने का अवसर मिलेगा। उप मुख्यमंत्री एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नवा रायपुर में बनने वाली साइंस सिटी विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी। साथ ही यह प्रदेश में पर्यटन के आकर्षण का केंद्र भी बनेगी।

          विश्वविद्यालयों से जोड़ी जाएंगी सिकॉस्ट की प्रयोगशालाएं

          मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) में स्थापित केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को इनका लाभ मिल सके और युवा वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने समर साइंस कैंप की गतिविधियों की भी समीक्षा की। बैठक में विज्ञान केंद्र में स्थापित की जा रही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) गैलरी की जानकारी दी गई। इसके अलावा सूरजपुर जिले के मायापुर में कर्क रेखा गुजरने वाले क्षेत्र में प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क के निर्माण पर भी चर्चा हुई।

          सरकारी योजनाओं में होगा आधुनिक तकनीक का उपयोग

          मुख्यमंत्री ने विभाग की स्ववित्तपोषण की संभावनाएं बढ़ाने और वैज्ञानिक अनुसंधान, खोजों तथा तकनीकी परियोजनाओं का व्यावहारिक लाभ प्रदेश को दिलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण और राजस्व सहित विभिन्न विभागों की जरूरतों के अनुरूप वैज्ञानिक परियोजनाएं तैयार करने को कहा। उन्होंने बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, राजस्व निरीक्षण, भू-अभिलेखों के प्रबंधन और भूमि उपयोग के आकलन जैसे कार्यों में आधुनिक वैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही शासकीय विभागों के अलावा निजी संस्थाओं और फर्मों को भी आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

          युवाओं को पेटेंट और बौद्धिक संपदा अधिकार दिलाने में मिलेगी मदद

          बैठक में बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित सहायता और मार्गदर्शन के लिए जारी टोल फ्री नंबर की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचार करने वाले लोगों को पेटेंट सहित विभिन्न बौद्धिक संपदा अधिकार प्राप्त करने की प्रक्रिया में सहयोग देने के निर्देश दिए। इससे उनकी वैज्ञानिक खोजों और मौलिक विचारों को संरक्षण के साथ उचित पहचान मिल सकेगी।

          चलित विज्ञान बस से गांवों तक पहुंचेगी वैज्ञानिक जानकारी

          प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलित विज्ञान जागरूकता बस के संचालन पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से बच्चों और आम नागरिकों तक वैज्ञानिक प्रयोगों, आधुनिक तकनीकों तथा विज्ञान से जुड़ी रोचक जानकारियां पहुंचाई जाएंगी। इसका उद्देश्य लोगों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

          माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल में रामकथा का आयोजन सौभाग्य की बात : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related