कार की तलाशी में मिली 90 लाख की चांदी, आभूषण-बर्तन और मूर्तियों के साथ 3 लाख रुपये नकद बरामद

      Date:

      • पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर पुलिस की कार्रवाई, 52 किलो 528 ग्राम चांदी जब्त; बिल और ई-वे बिल नहीं दिखा सके कार सवार दो व्यक्ति

          महासमुंद (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में वाहन जांच के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में चांदी और नकदी बरामद हुई है। बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर पुलिस ने एक कार की तलाशी के दौरान 52 किलो 528 ग्राम चांदी जैसी सामग्री जब्त की है। इसमें चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां शामिल हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा कार से लगभग तीन लाख रुपये नकद भी बरामद होने की जानकारी है। कार में सवार दोनों व्यक्ति बरामद सामग्री के संबंध में वैध बिल और परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने मामले की जानकारी जीएसटी विभाग को भी भेजी है।

          पुलिस के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध परिवहन और संदिग्ध नकदी की आवाजाही पर निगरानी के लिए विशेष जांच की जा रही थी। इसी दौरान गुरुवार को बसना पुलिस की टीम पलसापाली अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। तभी सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार क्रमांक सीजी 23 क्यू 9222 को रोककर तलाशी ली गई। कार में उमेश कंसारी (45 वर्ष), निवासी गोबरानवापारा, जिला रायपुर और रोशन कुमार साहू (40 वर्ष), निवासी बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद सवार थे। तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीटों पर रखे छह काले रंग के बैग मिले। बैगों को खोलने पर प्लास्टिक के डिब्बों में अलग-अलग तरह के चांदी जैसे आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां रखी मिलीं। इनमें पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, कंगन और करधन सहित अन्य आभूषण शामिल थे। बरामद सामग्री का कुल वजन रैपर सहित 52 किलो 528 ग्राम बताया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।

          बिल और ई-वे बिल मांगने पर नहीं दिखा सके दस्तावेज

          पुलिस ने कार सवार दोनों व्यक्तियों से बरामद सामग्री के स्वामित्व, खरीद-बिक्री और परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे। उनसे जीएसटी बिल, ई-वे बिल और अन्य वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे मौके पर कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। दोनों व्यक्तियों ने लिखित रूप से भी संबंधित कागजात उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी।

          जीएसटी विभाग को भी भेजी गई सूचना

          दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद पुलिस ने बरामद सामग्री के संबंध में आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस को आशंका है कि जब्त संपत्ति चोरी अथवा अवैध परिवहन से संबंधित हो सकती है। मामले की जानकारी आयुक्त, जीएसटी विभाग, छत्तीसगढ़ को भी भेजी गई है, ताकि सामग्री के स्रोत और उसके वैध लेनदेन की जांच की जा सके। फिलहाल पुलिस बरामद चांदी जैसी सामग्री के वास्तविक स्रोत, उसके स्वामित्व और परिवहन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी और नकदी कहां ले जाई जा रही थी तथा इसके पीछे क्या वजह थी।

           

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related