8.85 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, 54 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ तेजी से उद्योग और निवेश के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। राज्य में पिछले तीन वर्षों के दौरान 3,271 नए उद्योगों की स्थापना हुई है, जिनसे 54 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। वहीं, प्रदेश को अब तक 309 निवेश प्रस्तावों के माध्यम से 8.85 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों के जरिए आने वाले वर्षों में करीब दो लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश में औद्योगिक विकास और निवेश की स्थिति की जानकारी दी। इस दौरान वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग के सचिव रजत कुमार भी मौजूद रहे। मंत्री ने बताया कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30, प्रशासनिक सुधारों और एकल खिड़की व्यवस्था के कारण राज्य में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों का तेजी से विस्तार हुआ है। मंत्री देवांगन ने बताया कि प्रदेश में प्राप्त 309 निवेश प्रस्तावों में से 192 परियोजनाएं उन्नत चरण में हैं, 160 परियोजनाओं का क्रियान्वयन जारी है और 32 औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। कुल निवेश प्रस्तावों में 51 प्रतिशत निवेश प्राथमिकता वाले क्षेत्रों और 49 प्रतिशत पारंपरिक क्षेत्रों में प्रस्तावित है। प्रदेश के 24 जिलों में औद्योगिक परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है।
https://www.dprcg.gov.in/post/1795699984/रायपुर-उद्योग-मंत्री-श्री-लखन-लाल-देवांगन-की-प्रेस-वार्ता
छत्तीसगढ़ में पहली बार कई नए क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश की संभावनाएं विकसित हुई हैं। इनमें परिधान निर्माण, चॉकलेट उत्पादन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित डेटा सेंटर पार्क, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण, वैश्विक बीपीओ, आंखों के लेंस निर्माण और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा 160 से अधिक उद्योगों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने अब तक 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की है। वहीं, स्टार्टअप व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश में 2,700 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं। इनमें से 1,500 से ज्यादा स्टार्टअप पिछले तीन वर्षों में शुरू हुए हैं। सरकार की ओर से विनिर्माण क्षेत्र की सूक्ष्म इकाइयों को 100 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र की सूक्ष्म इकाइयों को 150 प्रतिशत स्थायी पूंजी निवेश का लाभ दिया जा रहा है। महिला, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की सूक्ष्म इकाइयों को प्रारंभिक पूंजी के लिए 25 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी और ब्याज मुक्त ऋण जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। उद्यम क्रांति योजना का प्रारूप तैयार किया जा रहा है।
निर्यात में 12.19 प्रतिशत की बढ़ोतरी
सचिव रजत कुमार ने बताया कि छत्तीसगढ़ से होने वाले निर्यात में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2023-24 में प्रदेश का निर्यात 16,681 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 18,715 करोड़ रुपये हो गया है। इस तरह निर्यात में 12.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रदेश से चीन को 12 हजार टन कॉपर कंसंट्रेट, कोस्टा रिका को फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (एफआरके), पापुआ न्यू गिनी को चावल और ब्रिटेन को हर्बल उत्पादों का निर्यात किया गया है। निर्यात को बढ़ावा देने के लिए निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 भी अधिसूचित की गई है। इसके तहत सभी 33 जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
एक क्लिक पर 210 से अधिक सेवाएं उपलब्ध
उद्योग लगाने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एकल खिड़की व्यवस्था के तहत एक ही ऑनलाइन मंच पर 25 विभागों की 210 से अधिक सेवाएं और अनुदान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रोत्साहन राशि का वितरण 28 दिनों में किया जा रहा है। अब तक सात हजार आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। बस्तर क्षेत्र से प्राप्त आवेदनों में 102 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। निवेशक संतुष्टि रेटिंग 5 में से 4.07 रही है। ऑनलाइन भूमि प्रबंधन व्यवस्था के तहत 1,548 एकड़ भूमि का डिजिटल आवंटन किया गया है। साथ ही भूमि अभिलेखों को 100 प्रतिशत भौगोलिक सूचना प्रणाली (जीआईएस) से जोड़ा गया है।
कारोबार को आसान बनाने के लिए कई सुधार
सचिव रजत कुमार ने बताया कि राज्य में कारोबार को सरल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अधिनियम 2026 और जन विश्वास अधिनियम 2025 सहित कई सुधार लागू किए गए हैं। जन विश्वास अधिनियम के तहत 279 अपराधों को गैर-आपराधिक श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा उद्योगों का जोखिम आधारित वर्गीकरण, 17,893 मामलों में स्व-प्रमाणन, भू-व्यपवर्तन की अनुमति समाप्त करने और तीन लाख से अधिक मामलों में स्वचालित नामांतरण जैसे कदम उठाए गए हैं। छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत 2,700 से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप और सात राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय समझौता ज्ञापन भी शामिल हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी मिली पहचान
प्रदेश को निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां मिली हैं। नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक 2026 में नियामकीय सुगमता और संस्थागत वातावरण के मामले में छत्तीसगढ़ को पहला स्थान मिला है। वहीं, विनियमन में सुधार की दिशा में डिरेगुलेशन 2.0 के तहत दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स प्रदर्शन सूचकांक (लीड्स) 2025 में भू-आवेष्ठित राज्यों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ को उच्च प्रदर्शनकर्ता का दर्जा मिला है। व्यापार सुधार कार्ययोजना (बीआरएपी) 2024 में भी राज्य ने चार श्रेणियों में शीर्ष उपलब्धि हासिल की है। उद्योग मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक आधारित क्षेत्रों में भी निवेश के नए अवसर तैयार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
छत्तीसगढ़ के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं हमारे कंटेंट क्रिएटर्स : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

