बलौदाबाजार से रायपुर लौटते समय खरोरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई कार, गनमैन और चालक को भी आई चोटें; बेटे समेत चार लोग थे सवार
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार को सड़क हादसे में घायल हो गईं। बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रायपुर लौटते समय खरोरा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सांसद के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त कार में सांसद लक्ष्मी वर्मा के साथ उनके बेटे, गनमैन और चालक सहित कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक के सीने में भी चोट आई है। हादसे के बाद कार के एयरबैग खुल गए, जिससे बड़ा नुकसान टलने की संभावना जताई जा रही है। सांसद को एम्स के निजी वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार दिया जा रहा है।
सांसद की कार दुर्घटना से पहले भी हुआ था हादसा
बताया जा रहा है कि सांसद की कार दुर्घटना से कुछ समय पहले इसी मार्ग पर एक अन्य सड़क हादसा भी हुआ था। रायपुर से खरोरा की ओर जा रही एक कार की खरोरा से रायपुर आ रहे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को उपचार के लिए खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। दोनों सड़क हादसों की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसे किन परिस्थितियों में हुए और वाहनों की टक्कर के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को दोबारा उम्मीदवार बनाया

