रायपुर में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

      Date:

      • 10 कबाड़ियों के यहां नहीं मिले खरीदी-बिक्री के वैध दस्तावेज, करीब 8 टन कबाड़ जब्त; उरला और खमतराई इलाके में पुलिस की कार्रवाई

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ उत्तर जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उरला और खमतराई थाना क्षेत्रों में एक साथ 20 कबाड़ियों के ठिकानों पर छापेमारी कर जांच की। इस दौरान 10 कबाड़ियों के यहां से करीब 8 टन कबाड़ जब्त किया गया। जांच में जब्त सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब कबाड़ की खरीदी-बिक्री और उसके स्रोत की पड़ताल कर रही है।

          यह कार्रवाई डीसीपी उत्तर जोन दीपमाला कश्यप, एडीसीपी आदित्य पांडेय और एसीपी पूर्णिमा लामा के निर्देश पर की गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कबाड़ियों के गोदामों और कारोबार से जुड़े ठिकानों पर पहुंचकर वहां रखे कबाड़ की जांच की। इसके साथ ही खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेख भी खंगाले गए। पुलिस के अनुसार, उरला थाना क्षेत्र में आठ कबाड़ियों के ठिकानों की जांच की गई। इनमें से छह स्थानों पर कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर सामग्री जब्त की गई। इसी तरह खमतराई थाना क्षेत्र में 12 कबाड़ियों के यहां जांच की गई, जहां चार ठिकानों से कबाड़ जब्त किया गया। इस तरह दोनों थाना क्षेत्रों से कुल 10 कबाड़ियों के यहां से लगभग आठ टन कबाड़ बरामद किया गया।

          कबाड़ कहां से आया, पुलिस कर रही जांच

          कार्रवाई के बाद पुलिस अब जब्त कबाड़ के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। संबंधित कारोबारियों से खरीदी-बिक्री के बिल, रजिस्टर, लाइसेंस और अन्य दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कबाड़ किन लोगों से खरीदा गया और इसके पीछे किसी संगठित अवैध कारोबार का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान यदि चोरी का सामान खरीदने या अवैध कारोबार में संलिप्तता के प्रमाण मिलते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

          अवैध कारोबार पर आगे भी जारी रहेगा अभियान

          उत्तर जोन पुलिस ने यह कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत की है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध कारोबार, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

          अवैध कबाड़ कारोबार पर चला प्रशासन का बुलडोजर, हटाए गए अवैध निर्माण

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related