मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं, भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों का किया आह्वान
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में हमारी माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और छत्तीसगढ़ की आत्मीयता रची-बसी है। यह भाषा हमारी सांस्कृतिक विरासत और स्वाभिमान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और आत्मीयता स्पष्ट रूप से झलकती है। यह भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को सहेजते हुए हमें अपनी जड़ों से जोड़े हुए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही इसे दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक से अधिक स्थान देना आवश्यक है। इससे भाषा का विस्तार होगा और आने वाली पीढ़ियां भी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहेंगी।
संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर सभी लोग अपनी मातृभाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने तथा उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण रखा जा सकता है।

