तीन वैन और अन्य गाड़ियों में सवार होकर आए करीब 10 बदमाशों ने एयरपोर्ट जाते समय घेरा, भारतीय युवक और पेरू की महिला घायल
लीमा (एजेंसी)। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में हथियारबंद बदमाशों ने एक भारतीय युवक की एसयूवी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। हमलावरों ने युवक की कार पर 30 से अधिक गोलियां चलाईं और उसमें रखे सोने के जेवरों से भरे बैग तथा सूटकेस लूटकर फरार हो गए। घटना में भारतीय युवक और उसके साथ मौजूद पेरू की एक महिला घायल हो गई। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे पेरू के कैलाओ इलाके के ला पेरला जिले में सांता रोसा पहाड़ी के पास हुई। भारतीय युवक और महिला जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान कई गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने उनकी एसयूवी को चारों तरफ से घेर लिया और अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस के अनुसार, वारदात में करीब 10 बदमाश शामिल थे। हमलावर तीन वैन और कुछ अन्य गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ियां एसयूवी के आगे और आसपास लगा दीं, ताकि उसमें सवार लोग भाग न सकें। इसके बाद नकाबपोश बदमाशों ने कार की खिड़कियों पर गोलियां चलाईं और दरवाजे खोलकर अंदर रखे कीमती सामान को लूट लिया। पेरू के अखबार ‘एल कॉमर्सियो’ के मुताबिक, पुलिस को आशंका है कि हमलावर पहले से ही भारतीय युवक और महिला का पीछा कर रहे थे तथा पूरी वारदात की योजना बनाकर आए थे।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
हमले का वीडियो पास की एक इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। वायरल वीडियो में नकाब पहने बदमाश एसयूवी को चारों तरफ से घेरकर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। एक हमलावर कार में सवार व्यक्ति को बाहर खींचकर सड़क पर गिरा देता है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
हमले में इस्तेमाल गाड़ी का आपराधिक रिकॉर्ड
कैलाओ पुलिस क्षेत्र के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनाविडेस ने बताया कि यह लूटपाट और फायरिंग का मामला है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल हुई ग्रे रंग की एक गाड़ी का पंजीयन क्रमांक B6H-624 है। इस वाहन का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2011 में यह गाड़ी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से जुड़े एक मामले में दर्ज हुई थी। वहीं, वर्ष 2024 में हत्या के प्रयास तथा हथियारों और विस्फोटकों के निर्माण एवं आपूर्ति से जुड़े मामले में भी इसका नाम सामने आया था।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नेशनल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस हमले में शामिल बदमाशों और उनके वाहनों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल पर पुल के पास कुछ मोबाइल फोन भी मिले हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये फोन पीड़ितों के हैं या हमलावरों के। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
आस्ट्रेलिया : बोंडी बीच पर फायरिंग, 10 की मौत

