महिला आरक्षण पर प्रधानमंत्री मोदी ने साझा किया सात महीने पुराना वीडियो, कहा—हर बाधा दूर कर पूरा करेंगे वादा

      Date:

      • परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच समर्थन जुटाने की कवायद तेज, डीएमके, राकांपा (शरद पवार गुट) और वाईएसआरसीपी के 34 सांसदों के समर्थन का दावा

      नई दिल्ली (एजेंसी)। महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपना सात महीने पुराना 53 सेकंड का वीडियो साझा किया। यह वीडियो 18 अप्रैल 2026 को देश के नाम दिए गए उनके संबोधन का हिस्सा है। इसमें उन्होंने महिला आरक्षण की राह में आने वाली बाधाओं को दूर करने और अपना वादा पूरा करने की बात कही थी।

          प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने से उन्हें नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण के लिए देश की पूरी नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। केंद्र सरकार को परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता है। उपलब्ध गणित के अनुसार, 540 सांसदों की प्रभावी संख्या के आधार पर विधेयक पारित कराने के लिए 360 मतों की जरूरत होगी। डीएमके के 22, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के 8 और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के 4 सांसदों का समर्थन मिलने पर सरकार के पक्ष में संख्या 354 तक पहुंचने का अनुमान है। इस स्थिति में सरकार को छह और सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी।

          डीएमके ने अपनी शर्तों के साथ विधेयक का समर्थन करने का निर्णय लिया है। पार्टी की मांग है कि लोकसभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी करीब 7.2 प्रतिशत बनी रहे। वहीं, राकांपा (शरदचंद्र पवार) की ओर से समर्थन के संकेत दिए गए हैं, लेकिन सांसद सुप्रिया सुले ने विधेयक का प्रारूप देखने के बाद अंतिम रुख स्पष्ट करने की बात कही है। वाईएसआरसीपी के समर्थन को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। परिसीमन विधेयक पर रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। इसमें राहुल गांधी सहित विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए। बैठक में विधेयक को लेकर विपक्ष की साझा रणनीति पर चर्चा की गई। डीएमके और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के समर्थन के संकेतों के बाद विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर मतभेद भी सामने आए हैं।

          महिला आरक्षण और परिसीमन पर 30 नवंबर से संसद में चर्चा

          संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। इसमें महिला आरक्षण को लागू करने और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर चर्चा प्रस्तावित है। सरकार का कहना है कि इन विधायी बदलावों से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता प्रशस्त होगा। विधेयक को पारित कराने के लिए दोनों सदनों में आवश्यक विशेष बहुमत जुटाना सरकार के सामने अहम चुनौती होगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related