सूने मकान में जुए के फड़ पर विशेष टीम की दबिश, 7 जुआरी पकड़े गए; 99 हजार रुपये नकद और वाहन जब्त
सूरजपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के प्रतापपुर क्षेत्र में लंबे समय से जुए के फड़ संचालित होने और स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित सांठगांठ की शिकायतों के बाद पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सूरजपुर पुलिस अधीक्षक ने प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरैना सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इनमें एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षक भी शामिल हैं। वहीं, एसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने एक सूने मकान में दबिश देकर सात जुआरियों को गिरफ्तार किया और मौके से 99 हजार रुपये नकद बरामद किए।

जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर क्षेत्र में लंबे समय से जुए की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय पुलिस की कथित मिलीभगत से जुए के फड़ चलने के आरोप भी सामने आए थे। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विशेष टीम ने प्रतापपुर क्षेत्र के एक सूने मकान में दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई में मौके से सात जुआरियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान 99 हजार रुपये नकद और वाहन भी बरामद किए गए। विशेष टीम की दबिश और मामले से जुड़े तथ्यों के सामने आने के बाद प्रतापपुर थाने के पुलिसकर्मियों की भूमिका जांच के दायरे में आई। इसके बाद एसपी ने थाना प्रभारी दिनेश पुरैना, एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। जुए के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ ही पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को विभागीय जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

