संसद के विशेष सत्र से पहले महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर विपक्षी दलों ने बनाई रणनीति, राहुल गांधी समेत कई नेता बैठक में हुए शामिल
नई दिल्ली (एजेंसी)। संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों ने अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक कर इस मुद्दे पर चर्चा की। बैठक में राहुल गांधी समेत कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए, लेकिन शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने इससे दूरी बनाए रखी।
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस विधेयक के जरिए सत्ता को अपने हाथों में बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। खड़गे ने परिसीमन को लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधेयक में एससी-एसटी वर्गों के साथ नाइंसाफी की गई है और परिसीमन के नाम पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
खड़गे के आवास पर आयोजित बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश मौजूद रहे। इनके अलावा तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा और अभय कुमार सिंह, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पी. संतोष कुमार, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ईटी मोहम्मद बशीर और आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन सहित कई विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले बैठक में शामिल नहीं हुईं। उन्होंने इसकी वजह अपने पिता शरद पवार की खराब तबीयत बताई। सुप्रिया सुले के अनुसार, वह सप्ताहांत में मुंबई में रहेंगी और सोमवार को संसद सत्र के लिए दिल्ली पहुंचेंगी। हालांकि, परिसीमन विधेयक को लेकर पार्टी का रुख भी चर्चा में है। पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने 27 नवंबर को कहा था कि एनसीपी (एसपी) प्रस्तावित विधेयक का समर्थन कर सकती है, बशर्ते सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाए। वहीं, सुप्रिया सुले और पार्टी सांसद अमोल कोल्हे ने विधेयक का मसौदा देखने के बाद अंतिम रुख तय करने की बात कही है।
30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र
केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से बुलाया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 और 3 दिसंबर को प्रस्तावित है। इस सत्र में महिला आरक्षण को जल्द लागू करने से जुड़े परिसीमन आधारित संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।

