छिंदपुर शिविर में ग्रामीण समस्याओं का त्वरित समाधान, सैकड़ों हितग्राही योजनाओं से लाभान्वित
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जिले में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत छिंदपुर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों का त्वरित निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया।

शिविर में छिंदपुर, कटसीरा, केसला, रलिया, नवापारा, बेलटिकरी, अखरापाली, मौहाडीह, गंगदेई और मुढाली सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं व मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही समस्याओं का निराकरण करने का प्रयास किया तथा शेष मामलों के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधे संवाद स्थापित करने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। विधायक ने कहा कि सुशासन तिहार केवल शिकायतों के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आमजन के विश्वास को मजबूत करने का अभियान भी है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और अपनी समस्याओं को खुलकर प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विनोद कुमार यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष झूलबाई गोविंद सिंह कंवर, उपाध्यक्ष ममता दामोदर राठौर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
12 लोगों को वितरित किए गए राशन कार्ड
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। 12 लोगों को राशन कार्ड वितरित किए गए, जबकि 11 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र दिए गए। मनरेगा के तहत 5 लोगों को जॉब कार्ड प्रदान किए गए और 4 दिव्यांगजनों को सहायक छड़ी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग ने नवापारा, गंगदेई और मौहाडीह ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किए। कृषि विभाग की ओर से एक किसान को विद्युत पंप उपलब्ध कराया गया। वहीं खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 497 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 112 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।

