कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। न्याय जगत में कोरबा का नाम रोशन करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता रविन्द्र कुमार पाराशर छत्तीसगढ़ स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनके निर्वाचन की खबर मिलते ही कोरबा सहित प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
रविन्द्र पाराशर लंबे समय से विधि क्षेत्र में अपनी साख, ईमानदारी और सक्रिय भूमिका के लिए पहचाने जाते हैं। इससे पहले भी वे स्टेट बार काउंसिल में महत्वपूर्ण पदों पर रहकर जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन कर चुके हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए अधिवक्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। श्री पाराशर का अध्यक्ष चुना जाना कोरबा जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उन्होंने न केवल स्थानीय बार एसोसिएशन बल्कि पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उनके इस चयन से कोरबा का सम्मान प्रदेश स्तर पर और बढ़ा है।
अधिवक्ताओं के हितों को मिलेगी मजबूती
रविन्द्र पाराशर हमेशा अधिवक्ताओं के अधिकार, न्यायपालिका की गरिमा और वकीलों के हितों की आवाज उठाते रहे हैं। अब अध्यक्ष बनने के बाद उनसे जूनियर वकीलों के लिए सुविधाओं के विस्तार, अधिवक्ता कल्याण योजनाओं और राज्यभर के बार संघों को मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है। उनकी जीत पर कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के अधिवक्ताओं, बार संघों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है। लोगों का कहना है कि उनका नेतृत्व स्टेट बार काउंसिल को नई दिशा और नई ऊंचाई देगा।

