अमेरिका (एजेंसी)। अमेरिका में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने देशभर में सभी उड़ानों को अचानक रोकने का फैसला लिया। इसकी मुख्य वजह देश के सभी 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) केंद्रों में संचार व्यवस्था का प्रभावित होना बताया गया है। संचार तंत्र में आई इस गंभीर गड़बड़ी से विमानों की आवाजाही और हवाई यातायात की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि संचार संबंधी गड़बड़ी का असर देश के सभी 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों पर पड़ा। ये केंद्र एक एयरपोर्ट से दूसरे एयरपोर्ट तक विमानों की आवाजाही को नियंत्रित करते हैं। ऐसे में इनके बीच संपर्क व्यवस्था बाधित होने से हवाई यातायात का संचालन जोखिमपूर्ण हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए FAA ने देशभर में उड़ानों पर रोक लगाने का निर्णय लिया। अमेरिका में पूरे देश की उड़ानें रोकने की ऐसी घटना इससे पहले जनवरी 2023 में हुई थी। उस समय FAA के महत्वपूर्ण कंप्यूटर सिस्टम में खराबी आने से हवाई यातायात प्रभावित हुआ था। इससे पहले 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से पूरे अमेरिका में उड़ानों का संचालन बंद कर दिया गया था। ताजा घटना ने एक बार फिर अमेरिकी विमानन व्यवस्था की तकनीकी तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुरानी तकनीक बदलने के लिए 30 अरब डॉलर की जरूरत
अमेरिकी सरकार लंबे समय से एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत पुराने तांबे के तारों की जगह फाइबर ऑप्टिक केबल लगाने और पुराने रेडियो सिस्टम को बदलने की योजना है। इस परियोजना के लिए पिछले वर्ष कांग्रेस ने 12.5 अरब डॉलर मंजूर किए थे। परिवहन मंत्री सीन डफी के मुताबिक, व्यवस्था के आधुनिकीकरण का काम पूरा करने के लिए अभी 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त जरूरत है। इस बीच जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि संचार व्यवस्था में आई खराबी का संबंध हाल ही में शुरू किए गए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नए सिस्टम से तो नहीं है।
विशेषज्ञों ने विमानों को जमीन पर रोकना बताया सुरक्षित
विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ और यूनाइटेड एयरलाइंस के पूर्व पायलट स्टीव अरोयो ने कहा कि जब एयर ट्रैफिक कंट्रोलर विमानों से संपर्क नहीं कर पाते, तो ऐसी स्थिति में विमानों को जमीन पर रोकना ही सबसे सुरक्षित विकल्प होता है। संचार व्यवस्था के बिना विमानों को हवा में भेजना गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सितंबर में भी अमेरिका के पूर्वोत्तर हिस्से में इसी तरह की संचार समस्या सामने आई थी, जिससे सैकड़ों उड़ानें प्रभावित हुई थीं। हालांकि, इस बार समस्या का दायरा पूरे देश तक फैल गया।
अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ा, 5 तेल टैंकरों पर हमले के बाद ईरान ने दागीं 20 मिसाइलें

