भिलाई के मदर टेरेसा नगर, कैंप-1 और सेक्टर-9 में भी पहुंची टीम, मोबाइल, डिजिटल उपकरण और दस्तावेज जब्त
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों के 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई में छत्तीसगढ़ के भिलाई में भी कई स्थानों पर जांच की गई। बताया जा रहा है कि महादेव ऐप के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
सीबीआई की टीम ने भिलाई के मदर टेरेसा नगर, कैंप-1 और सेक्टर-9 सहित कई इलाकों में जांच की। टीम सौरभ चंद्राकर के करीबियों और उनसे जुड़े नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। एक यूट्यूबर की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिस पर हवाला के जरिए लेनदेन से जुड़े होने का आरोप है। छापेमारी के दौरान कुछ स्थानों पर लाइव बेटिंग और जुआ पैनल संचालित होने की जानकारी सामने आई। जांच एजेंसी ने ऐसे पैनलों को बंद कराया। मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
हवाला और बैंक खातों की भी जांच
सीबीआई को कार्रवाई के दौरान म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क से जुड़े साक्ष्य मिलने की जानकारी दी गई है। एजेंसी अब संदिग्ध बैंक खातों, पैसों के लेनदेन और ऑनलाइन सट्टेबाजी से अर्जित रकम के स्रोत की जांच कर रही है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर विदेश में मौजूद आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद महादेव सट्टा ऐप से जुड़े नेटवर्क में और खुलासे होने की संभावना है।
महादेव सट्टा ऐप मामले में CBI की रायपुर में दबिश, जेल में बंद मोहित सोमानी के घर खंगाले दस्तावेज

