जल्दी अमीर बनने की चाह में रिश्तेदार बना मासूम का हत्यारा, 6 साल के पहाड़ी कोरवा बच्चे की निर्मम हत्या, शरीर से निकाले अंग

      Date:

      • जशपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी ने बाल्टी में छिपाकर रखे थे निकाले गए अंग, पुलिस ने चाकू, फावड़ा और मोबाइल किया जब्त

      जशपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जल्दी और ज्यादा पैसा कमाने की लालच में एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार के छह वर्षीय मासूम बेटे की निर्मम हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकाल लीं। इसके बाद शव को बोरी में भरकर खेत में पानी से भरे गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना सन्ना थाना क्षेत्र की है।

          पुलिस के अनुसार, रामजीत राम ने 7 नवंबर को अपने छह वर्षीय बेटे जितेन्द्र राम के लापता होने की शिकायत सन्ना थाने में दर्ज कराई थी। परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी के सिलसिले में सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास झोपड़ी बनाकर रह रहा था। इसी दौरान बासुदेव उर्फ टंगनू (27) का परिवार के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में रामजीत का ममेरा भाई लगता था। बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की। इसी बीच एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि उसने जितेन्द्र को बासुदेव के साथ खेत की ओर जाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने खेतों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की।

          खेत के गड्ढे में बोरी के भीतर मिला शव

          तलाश के दौरान सन्ना गांव के एक खेत में मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी दिखाई दी। जब बोरी खोलकर देखा गया तो उसके अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा बच्चे का शव मिला। शव को मिट्टी से दबाया गया था। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और संदेह के आधार पर बासुदेव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरी का काम करता था, लेकिन उससे मिलने वाली कमाई से संतुष्ट नहीं था। वह कम समय में अधिक पैसा कमाना चाहता था और सोशल मीडिया पर जल्दी अमीर बनने के तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया और उसने वारदात की साजिश रची।

          पहले बच्चे को पिलाई शराब, फिर की हत्या

          पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेन्द्र को बहलाकर अपने साथ खेत में बनी झोपड़ी में ले गया। वहां से वह उसे अलग-अलग स्थानों पर घुमाता रहा। बाद में सन्ना खुटाटांगर पहुंचकर शराब और मुर्गा खरीदा। झोपड़ी में लौटने के बाद उसने मुर्गा बनाया और मासूम को भी शराब पिलाई। जब बच्चा नशे की हालत में सो गया, तब आरोपी ने धारदार चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

          शरीर से अंग निकालकर बाल्टी में छिपाए

          पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दिए। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा और खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया। वारदात में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और अंगों से भरी बाल्टी को भी उसने बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।

          आरोपी गिरफ्तार, साक्ष्य जब्त

          पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, हत्या में इस्तेमाल धारदार चाकू, फावड़ा, बाल्टी में रखे अंग और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी की पहचान बासुदेव उर्फ टंगनू (27), पिता अमृत, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। छह वर्षीय मासूम के साथ हुई इस बर्बरता ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

          बिलासपुर में दिनदहाड़े पूर्व जनपद सदस्य के पति की गला रेतकर हत्या, शराब दुकान के सामने वारदात

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related