10 दिन तक चला धरना, प्रशासन से वार्ता के बाद परिजनों ने खत्म किया प्रदर्शन
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बाल संप्रेक्षण विशेष गृह के चौकीदार नरेंद्र खांडे की हत्या के 11 दिन बाद बुधवार को उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर परिजन पिछले 10 दिनों से धरने पर बैठे थे। मंगलवार देर रात प्रशासन से सहमति बनने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

12 जुलाई की रात सरकंडा स्थित नूतन चौक के बाल संप्रेक्षण विशेष गृह में चार अपचारी बालकों ने चौकीदार नरेंद्र खांडे की हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। इस घटना के विरोध में परिजन, समाज के लोग और भीम आर्मी के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए थे। धरने के दौरान परिजनों ने मृतक के परिवार के लिए एक करोड़ रुपए मुआवजा, पत्नी को 15 हजार रुपए मासिक पेंशन, बेटे को सरकारी नौकरी तथा बेटी की पढ़ाई और शादी का पूरा खर्च शासन द्वारा उठाने की मांग की थी। मामले को लेकर कई दिनों तक प्रशासन और परिजनों के बीच बातचीत का दौर चलता रहा। लगातार चल रहे धरने के आठवें दिन मृतक की पत्नी सीमा खांडे की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने रैली निकालकर प्रदर्शन भी किया और प्रशासन पर जल्द निर्णय लेने का दबाव बनाया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद परिजनों ने मानी बात
शुरुआत में समाज के लोग 35 लाख रुपए के मुआवजे की मांग पर अड़े रहे, लेकिन प्रशासन की समझाइश के बाद 11 लाख 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता पर सहमति बन गई। समझौते के तहत बेटी की शादी के लिए 5 लाख रुपए, स्वेच्छानुदान मद से 5 लाख रुपए, महिला एवं बाल विकास विभाग से 1 लाख रुपए तथा रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके अलावा मृतक के बेटे को संविदा अथवा कलेक्टर दर पर नौकरी देने का भी आश्वासन प्रशासन ने दिया है। प्रशासन के साथ सहमति बनने के बाद बुधवार को नरेंद्र खांडे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जहां गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
तीन अपचारी गिरफ्तार, चौथे की तलाश जारी
हत्या के बाद फरार हुए चार अपचारी बालकों में से पुलिस अब तक तीन को गिरफ्तार कर चुकी है। चौथा आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस के अनुसार, वह कटघोरा में अपने साथियों से अलग होकर चौकीदार की बाइक लेकर भाग गया था। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को प्रयागराज, दूसरे को पटना में निजी अस्पताल में गार्ड की नौकरी करते हुए और तीसरे को परिजनों की निशानदेही पर बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। वहीं आरोपी द्वारा ले जाई गई बाइक अनूपपुर से बरामद कर ली गई है। पुलिस फरार चौथे आरोपी की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।
जेल शिफ्टिंग से पहले बाल सुधार गृह में चौकीदार की हत्या कर 4 बाल अपचारी फरार

