रायगढ़ की रीना वर्मा बनीं मिसेज इंडिया, छत्तीसगढ़ का बढ़ाया गौरव

      Date:

      • चार राउंड की कड़ी प्रतिस्पर्धा में जीता खिताब, ‘मिसेज दिवा अवॉर्ड’ से भी हुईं सम्मानित

      रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। रायगढ़ की रीना वर्मा ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और शानदार मंच प्रस्तुति के दम पर प्रतिष्ठित मिसेज इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। ग्लैमरस प्रोडक्शन हाउस द्वारा 18 और 19 जुलाई को दुर्ग के अनंत्या ग्रीन रिसॉर्ट में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने चार चरणों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद यह उपलब्धि हासिल की। उत्कृष्ट व्यक्तित्व और प्रभावशाली प्रस्तुति के लिए उन्हें ‘मिसेज दिवा अवॉर्ड’ से भी सम्मानित किया गया।

          रीना वर्मा

          प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 40 महिलाओं ने हिस्सा लिया। चार चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, प्रतिभा और मंच संचालन क्षमता का मूल्यांकन किया गया। अंतिम दौर में चार प्रतिभागियों ने जगह बनाई, जिनमें रीना वर्मा ने निर्णायकों को अपने प्रदर्शन से प्रभावित करते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया। इस भव्य आयोजन में बिग बॉस विजेता शिव ठाकरे, एमटीवी रोडीज़ विजेता प्रिंस नरूला और फेमिना मिस इंडिया ईस्ट 2026 अनुष्का सोन समेत कई नामी हस्तियां मौजूद रहीं। इन सेलिब्रिटीज की उपस्थिति ने प्रतियोगिता को और भी आकर्षक बना दिया।

          समाजसेवा के क्षेत्र में भी निभा रहीं अहम भूमिका

          रीना वर्मा केवल सौंदर्य प्रतियोगिता की विजेता ही नहीं, बल्कि एक सक्रिय समाजसेवी भी हैं। वे वर्टिस ग्लोबल में डायरेक्टर एवं इन्वेस्टर, अजितेवाला फाउंडेशन की नेशनल कोऑर्डिनेटर, आस्मा फाउंडेशन की चेयरमैन तथा कैंसर मरीजों के लिए कार्यरत संस्था स्पंदन की सक्रिय सदस्य हैं। शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सराहनीय माना जाता है।

          पहले भी मिल चुका है ‘चीफ ऑफ द आर्मी अवॉर्ड’

          रीना वर्मा को इससे पहले चीफ ऑफ द आर्मी अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान उनके अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की पहचान माना जाता है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी उम्र में नई शुरुआत कर सफलता हासिल की जा सकती है।

          हर महिला के लिए बनीं प्रेरणा

          रीना वर्मा की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे रायगढ़, छत्तीसगढ़ और देश की महिलाओं के आत्मविश्वास की जीत मानी जा रही है। उन्होंने यह संदेश दिया है कि यदि महिला अपने सपनों पर विश्वास करे और उन्हें पूरा करने का साहस जुटाए, तो वह न केवल अपनी तकदीर बदल सकती है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। उनकी इस उपलब्धि पर रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है और विभिन्न सामाजिक, व्यावसायिक एवं अन्य संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related