दूसरी परीक्षा के फॉर्म 4 मई से
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी होने के बाद अब छात्रों के लिए पुनर्गणना (रीचेकिंग), पुनर्मूल्यांकन (रीवैल्यूएशन) और उत्तरपुस्तिका की छायाप्रति प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही दूसरी मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं।
मंडल के अनुसार छात्र रिजल्ट जारी होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर, यानी 14 मई 2026 तक इन प्रक्रियाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थी अपनी जरूरत के अनुसार एक, दो या तीनों विकल्पों के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की सुविधा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध है। निर्धारित आवेदन पत्र मंडल की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। छात्र इसे जिला, तहसील या विकासखंड स्तर की निर्धारित संस्थाओं में शुल्क के साथ जमा कर सकते हैं या सीधे ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वहीं, दूसरी मुख्य परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 मई से शुरू होगी, जो 30 मई 2026 तक चलेगी। इस परीक्षा में वे सभी छात्र आवेदन कर सकेंगे जो पहली मुख्य परीक्षा 2026 में शामिल हुए थे, जिसमें पूरक (सप्लीमेंट्री), अनुत्तीर्ण और श्रेणी सुधार के इच्छुक विद्यार्थी शामिल हैं। इसके अलावा 2025 की परीक्षा में फेल या पूरक आए छात्र भी क्रेडिट योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं। नियमित छात्र अपने स्कूल के माध्यम से आवेदन करेंगे, जबकि स्वाध्यायी और अवसर परीक्षा देने वाले छात्र समन्वय संस्थाओं के जरिए फॉर्म भर सकेंगे।

