सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भाजपा नेता की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि नेता ने पटवारी कार्यालय में घुसकर पटवारी और ऑपरेटर के साथ जमकर मारपीट की। लात-घूंसे और डंडे से की गई पिटाई की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार ग्राम कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में बुधवार दोपहर पटवारी प्रकाश मंडल अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान भाजपा नेता जितेंद्र कुजूर उर्फ मोनू वहां पहुंचा और आरआई का मोबाइल नंबर मांगने लगा। पटवारी ने बताया कि आरआई लंच पर गई हैं और उनका नंबर कार्यालय की दीवार पर लिखा है, वहां से लेकर बात कर सकते हैं। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और उसने पटवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे ऑपरेटर को भी आरोपी ने नहीं छोड़ा और उसके साथ भी मारपीट की। जान बचाने के लिए पटवारी बाहर भागे, लेकिन आरोपी ने बाहर भी उन्हें लात और डंडे से पीटा। बाद में पटवारी अपने कमरे में घुसकर दरवाजा बंद कर किसी तरह खुद को बचा सके।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर पटवारी संघ के पदाधिकारी थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। मामला सरगुजा कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस ने देर रात आरोपी जितेंद्र कुजूर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पटवारी संघ ने आरोपी का जुलूस निकालने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों और दबंगई से जुड़े कई वीडियो पहले भी पोस्ट कर चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

