समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में संचालित शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों और टीएल मामलों की विभागवार जानकारी लेते हुए सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बारिश के कारण खराब और क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने लोक निर्माण विभाग, सेतु विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने कहा। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और आम लोगों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए मरम्मत में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का केवल कागजी निराकरण न किया जाए, बल्कि आवेदक को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को नियमित रूप से पोर्टल पर लंबित शिकायतों की निगरानी कर समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। समय-सीमा में शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले विभागों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में एग्रीस्टेक पंजीयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने पंजीयन से वंचित किसानों की ग्रामवार सूची तैयार कर अभियान चलाने और जल्द पंजीयन पूरा कराने के निर्देश दिए। वनाधिकार पट्टाधारी हितग्राहियों की सूची भी अद्यतन करने को कहा गया, ताकि पात्र हितग्राहियों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर समय पर पंजीयन हो सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डिजिटल क्रॉप सर्वे में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा करते हुए सभी गांवों में सर्वे कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों के लिए लक्ष्य निर्धारित कर नियमित निगरानी करने को कहा। जिन गांवों में सर्वे लंबित है, वहां विशेष टीम गठित कर प्राथमिकता से काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले का कोई भी गांव सर्वे से छूटना नहीं चाहिए और शत-प्रतिशत सर्वे निर्धारित समय में पूरा किया जाए।
पीएम धन-धान्य योजना के सूचकांकों में सुधार पर जोर
पीएम धन-धान्य योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम करने और प्रत्येक सूचकांक में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को एक्सटेंशन वर्कर और किसानों का कृषक विज्ञान केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण जल्द पूरा कराने कहा गया, ताकि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और उन्नत पद्धतियों की जानकारी मिल सके। मत्स्य विभाग को एफपीओ गठन में तेजी लाने और अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और जिन क्षेत्रों में प्रगति कम है, वहां विशेष प्रयास किए जाएं।
ई-एचआरएमएस पर कर्मचारियों की जानकारी अपडेट करने निर्देश
कलेक्टर ने शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व समेत सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को ई-एचआरएमएस पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर जल्द ऑनबोर्ड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की भी समयबद्ध ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करने कहा। बैठक में मुख्यमंत्री घोषणा, सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन, पीजीएन पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और विभिन्न जन शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों को त्वरित, सुगम और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। सभी अधिकारी जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें।
पीवीटीजी परिवारों की स्वास्थ्य जांच के लिए चलाए विशेष अभियान : कलेक्टर दुदावत

