कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। रायपुर और कोरबा के बीच रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने हसदेव एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत वर्तमान में अलग-अलग दिनों में चल रही दो ट्रेनों का एकीकरण किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में गाड़ी संख्या 18249/18250 रायपुर-कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस सप्ताह में चार दिन संचालित होती है, जबकि गाड़ी संख्या 18251/18252 सप्ताह में तीन दिन चलती है। अब इन दोनों सेवाओं को एकीकृत करते हुए एक अगस्त 2026 से गाड़ी संख्या 18249/18250 हसदेव एक्सप्रेस को सप्ताह के सातों दिन संचालित किया जाएगा। रेलवे प्रशासन का कहना है कि ट्रेन के नियमित संचालन से रायपुर, बिलासपुर, चांपा, कोरबा सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से दैनिक आवागमन करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
15 एलएचबी कोचों के साथ किया जाएगा संचालन
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हसदेव एक्सप्रेस का संचालन 15 एलएचबी कोचों के साथ किया जाएगा। आधुनिक तकनीक से लैस एलएचबी कोच यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करते हैं। रेलवे को उम्मीद है कि इस निर्णय से क्षेत्रीय रेल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी।

