ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों सुरक्षा सुधार करने कलेक्टर व एसपी ने दिए निर्देश

      Date:

          यातायात व्यवस्था

          • सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, ओवरस्पीड और शराबी वाहन चालकों पर होगी सख्ती

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, ब्लैक स्पॉट और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को समय-सीमा में आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए गए।

          यातायात व्यवस्था

          कलेक्टर ने कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के चिन्हित ब्लैक स्पॉट, तीखे मोड़, घाट और अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर, रोड शोल्डर और स्पीड नियंत्रण के इंतजाम जल्द पूरा कराने के निर्देश एनएचएआई को दिए। क्षतिग्रस्त रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त चेतावनी बोर्ड, संकेतक, स्पीड ब्रेकर, डेलिनेटर और सोलर लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए। भारी वाहनों के पीछे रेडियम पट्टी लगाने पर भी जोर दिया गया, ताकि रात में सड़क पर खड़े वाहनों को आसानी से देखा जा सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा विपिन दुबे, ओएसडी तरुण कुमार किरण, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या समेत एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, एसईसीएल, बालको और विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी मौजूद रहे।

          धीमी प्रगति पर पीडब्ल्यूडी के ईई को नोटिस

          भैंसमा स्कूल से सक्ती मोड़, बालको ऐश डेक रोड, रिस्दी ब्रिज-बजरंग चौक मार्ग, दीपका-झाबर रोड और दीपका थाना चौक समेत अन्य स्थानों पर सड़क निर्माण, जंक्शन सुधार, रंबल स्ट्रिप और संकेतक लगाने के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और लंबित कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।

          ओवरस्पीड और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

          एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने ओवरस्पीड और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित जांच और कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

          दुर्घटना पीडि़तों को पीएम राहत योजना का लाभ

          कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पतालों में पीएम राहत योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को सरकारी और निजी अस्पतालों के साथ बैठक कर योजना के तहत आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत भवनों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए।

          सड़क सुरक्षा क्विज के विजेता सम्मानित

          बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। बालिका वर्ग में विभूति ताम्रकार प्रथम, सौम्या जायसवाल द्वितीय और सावित्री खैरवार तृतीय रहीं। वहीं बालक वर्ग में रितेश अनंत प्रथम, जितेश कुमार द्वितीय और खगेश यादव तृतीय स्थान पर रहे।

          शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने सड़क पर उतरे आयुक्त व सभापति

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related