सीरीज 1-1 से बराबर, जीतने वाली टीम करेगी ट्रॉफी पर कब्जा; शुभमन गिल और जो रूट पर रहेंगी निगाहें
लॉर्ड्स। भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। दोनों टीमें फिलहाल सीरीज में 1-1 की बराबरी पर हैं, ऐसे में तीसरा मुकाबला ट्रॉफी का फैसला करेगा। भारतीय टीम के पास 22 वर्षों बाद लॉर्ड्स में वनडे जीत दर्ज कर इतिहास रचने का सुनहरा अवसर होगा।
टीम इंडिया ने लॉर्ड्स में आखिरी वनडे जीत 2004 में हासिल की थी। इसके बाद यहां खेले गए चार मुकाबलों में भारत को तीन हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच टाई रहा। हालांकि, इस मैदान पर भारत का कुल रिकॉर्ड संतुलित रहा है। टीम ने यहां अब तक 9 वनडे खेले हैं, जिनमें 4 में जीत, 4 में हार और एक मुकाबला टाई रहा है। भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 112 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 62 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को 45 मुकाबलों में सफलता मिली है। दो मैच टाई और तीन बेनतीजा रहे हैं। वहीं इंग्लैंड की धरती पर दोनों टीमों के बीच 46 मुकाबले हुए हैं, जिनमें मेजबान टीम का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। सीरीज में भारतीय कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने दो मैचों में 111 रन बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 80 रन रहा है। गेंदबाजी में अक्षर पटेल ने दो मुकाबलों में 5 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई है।
जो रूट सबसे सफल बल्लेबाज
इंग्लैंड की ओर से अनुभवी बल्लेबाज जो रूट सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने दो मैचों में 175 रन बनाए हैं, जिसमें पिछले मुकाबले की नाबाद 99 रन की पारी शामिल है। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर भी नई गेंद से भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। निर्णायक मुकाबले से पहले भारतीय टीम में बदलाव की संभावना है। हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वॉशिंगटन सुंदर सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह हर्ष दुबे को टीम में शामिल किया गया है। वहीं बीमारी से उबर चुके केएल राहुल की अंतिम एकादश में वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
पहले वनडे में भारत ने इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया, गिल ने खेली 80 रन की कप्तानी पारी

