मेसी की नजर चौथे खिताब पर, स्पेन दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगा; यमाल और मेसी की टक्कर पर दुनिया की नजर
न्यूयॉर्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार देर रात स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाले इस महामुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे होगी। विश्व फुटबॉल की दो दिग्गज टीमें करीब 60 साल बाद विश्व कप में आमने-सामने होंगी, जिससे फाइनल रोमांचक होने की उम्मीद है।

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगा। यदि टीम खिताब बचाने में सफल रहती है तो वह इटली (1938) और ब्राजील (1962) के बाद लगातार दो विश्व कप जीतने वाली तीसरी टीम बन जाएगी। वहीं स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने की कोशिश करेगा। इस फाइनल का सबसे बड़ा आकर्षण लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यमाल की टक्कर होगी। लगभग 19 वर्ष पहले बार्सिलोना के एक चैरिटी फोटोशूट में युवा मेसी ने शिशु यमाल को गोद में उठाया था। अब वही दोनों खिलाड़ी विश्व कप फाइनल में एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे, जिसने इस मुकाबले को और भी खास बना दिया है। मेसी इस विश्व कप में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 8 गोल और 4 असिस्ट किए हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं। दूसरी ओर स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल 5 गोल के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर हैं, जबकि लामिन यमाल अपने बेहतरीन प्रदर्शन से टूर्नामेंट के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 14 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें दोनों ने 6-6 मैच जीते हैं, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। विश्व कप में दोनों की एकमात्र भिड़ंत 1966 में हुई थी, जिसमें अर्जेंटीना ने 2-1 से जीत दर्ज की थी।
स्पेन की मजबूत दीवार बनाम अर्जेंटीना का घातक हमला
स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार रक्षात्मक खेल दिखाते हुए सिर्फ एक गोल खाया है। गोलकीपर उनाई सिमोन ने छह क्लीन शीट दर्ज कर नया रिकॉर्ड बनाया है। वहीं अर्जेंटीना ने लगातार सात मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई है और टूर्नामेंट में सर्वाधिक 19 गोल किए हैं। फाइनल में सबसे दिलचस्प मुकाबला स्पेन की मजबूत रक्षा पंक्ति और अर्जेंटीना के आक्रामक आक्रमण के बीच देखने को मिलेगा। एक ओर मेसी, जूलियन अल्वारेज और एंजो फर्नांडीज पर अर्जेंटीना की उम्मीदें टिकी होंगी, तो दूसरी ओर स्पेन की रक्षा पंक्ति उन्हें रोकने की पूरी कोशिश करेगी।

