कोरबा में बढ़ते अपराधों पर कांग्रेस का वार, कानून व्यवस्था को बताया बदहाल

      Date:

      • मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शहर अध्यक्ष ने की उच्चस्तरीय जांच व पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में लगातार सामने आ रही जघन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस के कोरबा शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिले में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई और शीर्ष पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

          CM Lattter

          मुकेश राठौर ने कहा कि जिले में हत्या, लूट, जानलेवा हमले और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन गया है। उनका आरोप है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और जिम्मेदार अधिकारी हालात नियंत्रित करने में विफल साबित हो रहे हैं। पत्र में उन्होंने जिले की कई बड़ी आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया। सरायपाली कोयला खदान में गुटीय संघर्ष के दौरान गोली मारकर हत्या, खदानों में घुसकर सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर डीजल व कबाड़ लूटने जैसी घटनाओं को कानून व्यवस्था की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आने पर एफआईआर तक दर्ज करनी पड़ी।

          कई सनसनीखेज हत्याओं ने बढ़ाई चिंता

          राठौर ने कहा कि अपराध केवल खदान क्षेत्रों तक सीमित नहीं हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों में भी अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। कटघोरा के घुचापुर में भाजपा नेता अक्षय गर्ग की हत्या, रजगामार में महिला की निर्मम हत्या, मोतीसागर पारा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पवन टॉकीज के पास सिर कुचलकर हत्या और सिल्वर सेंटर संचालक समेत कई हत्याओं ने जिले को दहला दिया है। उन्होंने चैतमा में हुई सनसनीखेज हत्या का भी जिक्र किया, जिसमें सऊदी अरब से बुलाए गए युवक की हत्या कर शव के 17 टुकड़े कर दिए गए थे। उनका कहना है कि पिछले ढाई वर्षों में जिले में सैकड़ों गंभीर आपराधिक मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन अपराध पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया।

          महिलाएं असुरक्षित, अपराधियों से खत्म हुआ पुलिस का खौफ

          महिला सुरक्षा पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि बालको क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और पंप हाउस इलाके में युवती पर चाकू से हमला जैसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। वहीं हाल ही में ज्वेलरी दुकान में हथियार लेकर घुसे बदमाशों की घटना ने यह साबित कर दिया कि अपराधियों में पुलिस का डर लगभग खत्म हो चुका है। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से जिले की कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने, पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करने और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              बेंगलुरु पत्थर खदान में चट्टान गिरने से 8 मजदूरों की मौत, सभी बिहार के निवासी

              बेंगलुरु (एजेंसी)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक...