वार्ड क्रमांक 3, 4, 15 और 17 में सामुदायिक भवन, सीसी रोड और नाली निर्माण के कार्य होंगे, महापौर संजूदेवी राजपूत ने सामुदायिक भवन में रसोई निर्माण के लिए 4 लाख देने की घोषणा की
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा के चार वार्डों में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मंगलवार को उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में करीब 93 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से वार्ड क्रमांक 3, 4, 15 और 17 के नागरिकों को सामुदायिक भवन, पक्की सड़क और नाली जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 3 में डीडीएम रोड स्थित साईं मंदिर के पीछे 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। इस भवन के बनने से स्थानीय लोगों को सामाजिक, वैवाहिक और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं वार्ड क्रमांक 4 के राताखार टावर मोहल्ला स्थित गणेश चौक के पास 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण एवं विस्तार कार्य कराया जाएगा। वार्ड क्रमांक 15 के गुरुद्वारा के पीछे झरनापारा और पंद्रह ब्लॉक में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 17 में साहू खटाल से भैंस खटाल तक 25 लाख रुपये तथा ढोढ़ीपारा सिविल ऑफिस अहाता के पास रामू सूर्यवंशी के घर से साहू खटाल तक 8 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली निर्माण कराया जाएगा। इन सभी कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
विकास कार्यों के कार्यक्रम के साथ ही उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी डीडीएम रोड स्थित महर्षि कश्यप भवन में आयोजित महर्षि कश्यप ऋषि जयंती समारोह में भी शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन श्री चन्द्रपुरिहा कसौधन वैश्य गुप्ता समाज कोरबा द्वारा किया गया था। अतिथियों ने महर्षि कश्यप मंदिर में पूजा-अर्चना कर समाज के लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर समाज के संरक्षक योगेश्वर गुप्ता, अध्यक्ष राजेश गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार देवेंद्र गुप्ता, सतीश गुप्ता और रामसेवक गुप्ता सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। विभिन्न कार्यक्रमों में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद मथुराबाई चंद्रा, लक्ष्मण श्रीवास, प्रेमलता बंजारे, रामकुमार साहू और एल्डरमेन दीपक यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की।
पौने तीन साल में कोरबा को 1100 करोड़ के विकास कार्यों की स्वीकृति : देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ देश को आगे बढ़ा रही है। उनके कार्यकाल में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार छत्तीसगढ़ के विकास और आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ने कोरबा के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में पिछले पौने तीन वर्षों में कोरबा के लिए लगभग 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है। इनमें से कई कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि अनेक निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं और नए कार्य भी लगातार शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद प्रेमलता बंजारे की मांग पर बताया कि वहां एक सामुदायिक भवन की स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही एक अन्य नए सामुदायिक भवन को भी स्वीकृति दी जाएगी। वार्ड क्रमांक 17 में भी सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समाज को अपने सामाजिक आयोजनों के लिए भवन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। अब तक 56 समाजों के लिए सामुदायिक भवन बनाए जा चुके हैं।
सभी 67 वार्डों में बिना भेदभाव हो रहा विकास : महापौर
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी 67 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के नागरिकों की मांग और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्य कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन का लगातार मार्गदर्शन कोरबा के विकास को गति दे रहा है। उन्होंने कहा कि कोरबा की जनता ने उद्योग मंत्री और उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वार्ड क्रमांक 3 में सामुदायिक भवन के लोकार्पण के दौरान स्थानीय नागरिकों की मांग पर महापौर ने भवन में रसोई कक्ष निर्माण के लिए 4 लाख रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा भी की।
नगर पालिक निगम कोरबा के 30 कर्मचारियों को मिली पदोन्नति

