मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर राज्य महिला आयोग की कार्यशाला में बोले राज्यपाल, कानूनों के सख्त पालन और सामाजिक जागरूकता पर दिया जोर
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा गंभीर सामाजिक समस्याएं हैं। इन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कानूनों का सख्ती से पालन, संबंधित एजेंसियों की सक्रियता और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। घरेलू हिंसा को किसी भी स्थिति में सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों का निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाना आवश्यक है।

राज्यपाल रमेन डेका आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषयक प्रशिक्षण सह कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी आज खतरनाक रूप ले चुकी है। यह समस्या केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि मानव अंगों की मांग के कारण भी इससे जुड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं। इस पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कानूनों का क्रियान्वयन और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
राज्यपाल ने कहा कि पहले संयुक्त परिवारों की व्यवस्था अधिक थी, लेकिन अब एकल परिवारों की संख्या बढ़ रही है। घरेलू हिंसा पहले भी होती थी और आज भी हो रही है। अशिक्षा और बेरोजगारी जैसी परिस्थितियां भी इस समस्या को बढ़ा सकती हैं। घरेलू हिंसा का शिकार केवल गृहिणियां ही नहीं, बल्कि बाहर काम करने वाली महिलाएं भी होती हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा का दुष्प्रभाव केवल पीड़ित व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के साथ परिवार के नैतिक मूल्यों और बेहतर सामाजिक वातावरण पर भी ध्यान देना होगा। जिन मामलों में पारिवारिक या मनोवैज्ञानिक समस्याएं सामने आती हैं, उनमें उचित परामर्श की व्यवस्था की जानी चाहिए।
मीडिया जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का माध्यम
राज्यपाल ने कहा कि घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में तथ्यों और परिस्थितियों को समझते हुए निष्पक्ष एवं स्वतंत्र निर्णय लिया जाना चाहिए। कानून के दायरे में रहकर प्रत्येक प्रकरण में उचित कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस, न्यायपालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मीडिया समाज में जागरूकता फैलाने और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम है। समुदाय के साथ स्वयंसेवी संगठनों को भी आगे आकर पीड़ितों की सहायता करनी चाहिए। राज्यपाल ने कार्यशाला में होने वाले विचार-विमर्श और उससे निकलने वाले निष्कर्षों को धरातल पर लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल चर्चा करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा, बल्कि कार्यशाला में सुझाए गए उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन भी जरूरी है।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा पर होगी चर्चा
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने कार्यशाला के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के साथ मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने घरेलू हिंसा के मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता भी बताई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े विशेष रूप से उपस्थित थीं। कार्यशाला में राज्य महिला आयोग की सदस्य, पुलिस, न्यायपालिका तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने भी भाग लिया।
राज्यपाल रमेन डेका से महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने की मुलाकात

