राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में जीपीएम के दिव्यांग खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, छह पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

      Date:

      • रोहित कुमार ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर लहराया परचम, जंतराम पनिका और मोहनी मरावी ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। जिले के तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल छह पदक अपने नाम किए। इनमें दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि मजबूत आत्मविश्वास, निरंतर अभ्यास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

          https://dprcg.gov.in/post/1795425386/Raipur-Outstanding-performance-by-para-athletes-from-GPM-at-the-National-Para-Swimming-Championship-they-script-a-new-success-story-by-winning-6-medals

          भोपाल में 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में देशभर के दिव्यांग तैराकों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के रोहित कुमार, जंतराम पनिका और मोहनी मरावी ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। तीनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए छह पदक जीतकर राष्ट्रीय खेल मंच पर जिले की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रतियोगिता में जिले के प्रतिभावान तैराक रोहित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत सहित कुल तीन पदक हासिल किए। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में उत्कृष्ट समय दर्ज करते हुए रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि से राष्ट्रीय स्तर पर जिले की खेल प्रतिभा को नई पहचान मिली है। रोहित कुमार का प्रदर्शन अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले के जंतराम पनिका ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। वहीं मोहनी मरावी ने भी एक कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में अपनी क्षमता, आत्मविश्वास और मेहनत का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि से जिले में पैरा खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ा है।

          कलेक्टर से मिले पदक विजेता खिलाड़ी, उपलब्धियों की हुई सराहना

          राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले तीनों पदक विजेता खिलाड़ियों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ने खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर छह पदक जीतना पूरे जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। इन खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों, विशेषकर दिव्यांग प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है। कलेक्टर ने उन्हें भविष्य में भी निरंतर अभ्यास करने, अपनी खेल प्रतिभा को और निखारने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

          खिलाड़ियों की सफलता से जिले में खुशी और उत्साह

          राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में जिले के तीन खिलाड़ियों द्वारा छह पदक जीतने से खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। यह उपलब्धि जिले में मौजूद खेल प्रतिभाओं की क्षमता और संभावनाओं को भी दर्शाती है। सीमित संसाधनों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करने वाले ये खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              राज्यपाल ने सरस्वती महाविद्यालय को दिए 10 कंप्यूटर और प्रिंटर

              विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध...