एक करोड़ रुपये के कारोबारी लेनदेन में 40 लाख लौटाए, शेष रकम हड़पने का आरोप; 2360 क्विंटल चावल के नाम पर बनाए थे आठ फर्जी बिल
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। चावल के कारोबार में 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में कुरुद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद निवासी राइस मिलर विनय अग्रवाल (52) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एफसीआई गोदाम में चावल जमा कराने का झांसा देकर फर्जी बिल और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने तथा बकाया रकम हड़पने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कुरुद निवासी उर्मिला शर्मा (48) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि व्यावसायिक लेनदेन के तहत उन्होंने आरोपी को केनरा बैंक के माध्यम से आरटीजीएस द्वारा एक करोड़ रुपये हस्तांतरित किए थे। इसमें से आरोपी ने 40 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन शेष 60 लाख रुपये वापस नहीं किए। काफी समय तक रकम नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के अनुसार, बकाया रकम हड़पने के उद्देश्य से आरोपी ने 16 से 24 जून 2023 के बीच 2360 क्विंटल चावल भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के मंदिर हसौद गोदाम में जमा कराने के नाम पर आठ फर्जी बिल तैयार कर प्रस्तुत किए थे। मामले की जांच के दौरान दस्तावेजों में दर्ज तारीखों और तथ्यों में कई विसंगतियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी और कूटरचना के आरोपों में कार्रवाई शुरू की।
मामले में कुरुद थाने में अपराध क्रमांक 397/2026 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 467, 468, 471 और 420 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में गठित टीम ने जांच और साक्ष्यों के आधार पर महासमुंद से आरोपी विनय अग्रवाल को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कारोबारियों से अपील की है कि बड़े व्यावसायिक लेनदेन के दौरान बिल, इनवाइस और बैंकिंग दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक सत्यापन करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

