
मुख्यमंत्री कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में हुए शामिल
कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 1.55 करोड़ रुपए से अधिक की राशि देने की घोषणा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। आने वाली पीढ़ी को बेहतर शिक्षा, संस्कार और अवसर उपलब्ध कराना समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और उसकी प्रतिभा को आगे बढऩे का अवसर मिले, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण और पौधरोपण कार्यक्रम को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सामाजिक सेवा और अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज द्वारा दी गई जिम्मेदारी सेवा और समाज को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कंवर समाज के पदाधिकारियों का निर्विरोध और सर्वसम्मति से निर्वाचन समाज की एकता और संगठन की मजबूती को दर्शाता है। यही एकजुटता समाज की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रबुद्धजनों से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि इससे व्यक्ति उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार नागरिक भी बन सकता है। उन्होंने बताया कि राज्य में बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए 17 प्रयास विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करने के लिए भी आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, कंवर समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
जनजातीय समाज के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, आवास, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में सड़कें बनाई जा रही हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 57 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांवों तक पहुंचकर लोगों की जांच और उपचार कर रही हैं।
नक्सलवाद से मुक्त बस्तर में विकास को मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित रहा, लेकिन अब वहां विकास की नई शुरुआत हुई है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से ढाई वर्षों में 500 से अधिक गांवों तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बस्तर में स्वास्थ्य अभियान के तहत लाखों लोगों की जांच की गई है और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार के लिए भेजा गया है।
प्राकृतिक संसाधनों से विकसित राज्य बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, वन और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। कोयला, लौह अयस्क, बॉक्साइट, लिथियम, टिन, सोना और हीरा जैसे संसाधन राज्य की बड़ी ताकत हैं। वनोपज के मूल्य संवर्धन पर जोर देकर स्थानीय लोगों की आय और रोजगार बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने के लिए भी नई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
कंवर समाज के भवनों के लिए 1.55 करोड़ से अधिक की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण, विकास और जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक की राशि देने की घोषणा की। इसमें रायपुर के लाभांडी में निर्माणाधीन कंवर भवन के लिए 70 लाख रुपए सहित राजनांदगांव, महासमुंद, गरियाबंद और अन्य क्षेत्रों के सामाजिक भवनों के लिए राशि शामिल है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभांडी स्थित कंवर समाज के निर्माणाधीन सामुदायिक भवन परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत सिंदूर का पौधा लगाया। समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

