युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

      Date:

      • माय भारत की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोडऩे पर दिया जोर, सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ ग्राम से राज्य स्तर तक तैयार होगा मजबूत युवा नेटवर्क

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक में यह बात कही। उन्होंने माय भारत की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को इस मंच से जोड़ने और विभिन्न विभागों की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

          मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन, कौशल विकास, कृषि, तकनीकी शिक्षा, आपदा प्रबंधन और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भूमिका बढ़ाई जाए। माय भारत के माध्यम से युवाओं को सेवा और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने से उन्हें व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और उनकी ऊर्जा का समाजहित में बेहतर उपयोग हो सकेगा। उन्होंने ‘सशक्त युवा-सशक्त छत्तीसगढ़’ की भावना के अनुरूप ग्राम से राज्य स्तर तक मजबूत युवा नेटवर्क तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही डिजिटल डिटॉक्स, सेवा भावना, सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक जिम्मेदारी से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि ‘मेरा युवा भारत’ युवाओं को सरकार, समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला डिजिटल एवं भौतिक मंच है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2023 को इसकी शुरुआत की थी। वर्तमान में देशभर में 2.65 करोड़ से अधिक युवा माय भारत प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हैं। छत्तीसगढ़ में भी 6.60 लाख से अधिक युवा इससे जुड़ चुके हैं। माय भारत को युवाओं और सरकार के बीच सिंगल विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल, अनुभव आधारित प्रशिक्षण, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसरों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होती है।

          बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, माय भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित राज्य और जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।

          अनुभव आधारित कार्यक्रमों से युवाओं को मिल रहा अवसर

          बैठक में बताया गया कि देशभर में 24 हजार 900 से अधिक अनुभव आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से 1.21 लाख युवाओं को शासन की विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ है। छत्तीसगढ़ में 233 ऐसे कार्यक्रमों के जरिए 2 हजार 389 से अधिक युवा जुड़े हैं। इसी तरह देशभर में 1.53 लाख से अधिक स्वयंसेवा अवसरों के माध्यम से 10 लाख से ज्यादा युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़ में 5 हजार 778 वालंटियर अवसरों के जरिए 23 हजार 900 से अधिक युवाओं ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया है।

          गांव से राज्य तक तैयार होगा युवा नेटवर्क

          बैठक में बताया गया कि माय भारत के माध्यम से ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर तक युवाओं को विभिन्न गतिविधियों और अवसरों से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को गैर-राजनीतिक सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की रुचि और प्रतिभा को पहचानकर उन्हें ऐसे मंच उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास हो और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत बने।

          विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग पर जोर

          मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ को युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2025 में इसमें 30 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। छत्तीसगढ़ में ‘विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इसके माध्यम से खेल, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, समाज कल्याण, नगरीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन, पर्यटन और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की योजना है।

          बस्तर के युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर के युवाओं को माय भारत की गतिविधियों से व्यापक स्तर पर जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर हिंसा और भय के दौर को पीछे छोड़कर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में यहां के युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि माय भारत से जुड़ने से बस्तर के युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों ने युवाओं को खेल, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया है। इसी तरह माय भारत के माध्यम से भी उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को सही अवसर देकर उन्हें छत्तीसगढ़ और देश के विकास का सक्रिय भागीदार बनाना सरकार की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान माय भारत की वालंटियर अदिति ने ट्राइबल आर्ट से तैयार छायाचित्र मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भेंट किया। मुख्यमंत्री ने उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की।

          सेन समाज सनातन परंपराओं और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related