जमीन में गाड़ रखा था चोरी का सामान
जांजगीर-चांपा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में लगातार हो रही मंदिर चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए नाबालिग समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि लाखों रुपये का कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने तीन मंदिरों में चोरी की योजना बनाई थी। वारदात के बाद चोरी का पूरा सामान जमीन में गाड़ दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने बताया कि 1 और 2 अगस्त की दरमियानी रात आरोपियों ने बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के महंत गांव स्थित चंडी दाई मंदिर तथा जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर मंदिरों से चांदी के छत्र, देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपेटी लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश था और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। घटनास्थलों के आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक मोटरसाइकिल पर चार संदिग्ध युवक नजर आए। साइबर सेल की मदद से उनकी पहचान कर दबिश दी गई और सभी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन पर लाखों रुपये का कर्ज था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उन्होंने मंदिरों को निशाना बनाया।
जमीन खोदकर बरामद किया गया चोरी का माल
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पामगढ़ थाना क्षेत्र के घुटिया गांव में आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे जमीन की खुदाई कर चोरी का पूरा सामान बरामद किया। पुलिस ने चांदी के छत्र, मुकुट, आभूषण, दानपेटी के साथ वारदात में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग न्यायिक अभिरक्षा में
पुलिस ने मामले में प्रशांत पटेल (23 वर्ष), प्रभात पटेल (18 वर्ष) और परमानंद पटेल (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं वारदात में शामिल एक नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के निर्देश पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

