बलौदाबाजार (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी क्षेत्र में फर्जी तबादला आदेश तैयार कर ग्रामीण चिकित्सा सहायक का तबादला कराने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो भाजपा नेताओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तबादला कराने के नाम पर करीब एक लाख रुपए का लेनदेन किया गया और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के जाली हस्ताक्षर वाला आदेश तैयार कर भेजा गया।

जानकारी के अनुसार मामला रोहांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन से जुड़ा है। आरोपियों ने करण का तबादला रोहांसी से मोपरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कराने के लिए फर्जी आदेश तैयार किया था। इस आदेश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी के जाली हस्ताक्षर किए गए थे। बता दें कि 17 अगस्त को फर्जी तबादला आदेश की प्रति स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में पहुंची। अधिकारियों ने जब दस्तावेज की जांच कराई तो उसके फर्जी होने का खुलासा हुआ। इसके बाद खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पलारी थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि करण देवांगन ने तबादला कराने के लिए आरोपियों से संपर्क किया था। कसडोल में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक रवि सेन ने करण और भाजपा नेताओं के बीच संपर्क कराने में भूमिका निभाई। आरोप है कि गिरौदपुरी के पूर्व सरपंच एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल ने तबादला कराने का भरोसा दिलाया और करण की मुलाकात भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी से कराई। इसके बाद कृष्णा अवस्थी ने तबादले के बदले करीब एक लाख रुपए की मांग की। पुलिस को मामले में ऑनलाइन लेनदेन के साक्ष्य भी मिले हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।
सभी आरोपियों को न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर मामले की जांच की गई। पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी के अनुसार जांच में चारों आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद कृष्णा अवस्थी, पुनी राम पटेल, रवि सेन और करण देवांगन को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी तबादला आदेश किसने तैयार किया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के हस्ताक्षर कैसे जाली बनाए गए और आदेश को स्वास्थ्य विभाग तक किस माध्यम से पहुंचाया गया।
भाजपा ने दोनों नेताओं को पद से हटाया
मामले में भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने भी कार्रवाई की है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल को तत्काल उनके पदों से हटा दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी ने बताया कि उनके नाम से करण देवांगन के तबादले का आदेश सामने आया था। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस में शिकायत की गई। विभागीय स्तर पर मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति भी गठित की गई है। पुलिस अब कथित लेनदेन के अलावा फर्जी दस्तावेज तैयार करने की पूरी प्रक्रिया और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

