बीजेपी की नई टीम का युवाओं पर फोकस, जेन-जी से संवाद के लिए चलेगा ‘युवा संवाद’ अभियान

      Date:

      • नितिन नवीन, स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े समेत कई बड़े नेता टीम में शामिल; वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के फैसले के खिलाफ प्रस्ताव पारित

      नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी ने नई पीढ़ी यानी जेन-जी के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने 14 से 25 वर्ष के युवाओं से सीधे संवाद के लिए विशेष टीम तैयार की है। इसके तहत ‘युवा संवाद’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के जरिए युवाओं की सोच, समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को समझने के साथ उन्हें पार्टी से जोडऩे की कोशिश की जाएगी।

          ‘युवा संवाद’ अभियान

          भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की शनिवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में पहली बैठक हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और युवाओं तक पहुंच बढ़ाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। युवा संवाद अभियान के तहत कॉलेज, विश्वविद्यालय और अन्य स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवाओं को भाजपा नेताओं से सीधे बातचीत करने और अपने मुद्दे रखने का अवसर मिलेगा। पार्टी का लक्ष्य जेन-जी की प्राथमिकताओं और उनकी चिंताओं को करीब से समझना है। इस अभियान में नितिन नवीन के अलावा स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, हर्ष सांघवी और ओपी चौधरी समेत कई नेता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस के फैसले के खिलाफ प्रस्ताव भी पारित किया गया। भाजपा ने कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल दो पैरा गाने के फैसले की निंदा की। भाजपा ने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान और उसकी विरासत के साथ राजनीतिक सुविधा या तुष्टीकरण के नाम पर समझौता नहीं किया जा सकता। पार्टी ने इसके इतिहास और महत्व को देशभर में पहुंचाने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया है। बैठक से पहले भाजपा मुख्यालय में वंदे मातरम के सभी छह पैरा भी गाए गए।

          65 सदस्यीय नई टीम में 51 नए चेहरे

          भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त को अपनी 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। इसमें 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव हैं। नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वहीं वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।

          आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने पर भी चर्चा

          बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। नई राष्ट्रीय टीम शनिवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी भाजपा मुख्यालय में मुलाकात करेगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related