कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। राज्य शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक जिले में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शासन की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत विद्यालयों में चित्रकला, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद, लाभार्थियों की सफलता की कहानियां, स्वच्छता गतिविधियां, सेवा ज्योति यात्रा, जल-जन सेवा संकल्प, समाधान शिविर सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 17 सितंबर को घंटाघर चौक स्थित तिरंगा स्थल के पास विशेष आयोजन किया जाएगा। यहां भव्य रंगोली के साथ 51 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा निगम के सातों जोन के सभी वार्डों, शासकीय कार्यालयों, भवनों, एसएलआरएम केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने साकेत भवन स्थित सभाकक्ष में अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई ठेकेदारों की बैठक लेकर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है, इसलिए अभियान के दौरान सभी वार्डों के गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित अन्य क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन, स्वच्छता की शपथ, सफाई गतिविधियों, सातों जोन में समाधान शिविर और हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। 1 अक्टूबर को श्रमदान एवं पूजा पंडालों की सफाई तथा 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा और बदलाव की कहानियों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में अपर आयुक्त पवन वर्मा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, उपायुक्त नीरज कौशिक, सभी जोन कमिश्नर, अधिकारी-कर्मचारी तथा निगम के सफाई ठेकेदार उपस्थित रहे।
नागरिकों से स्वच्छता में सहयोग की अपील
आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें। घर-घर पहुंचने वाली स्वच्छता दीदियों के सफाई रिक्शे में भी कचरा दिया जा सकता है। उन्होंने आम नागरिकों से सेवा संकल्प अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वच्छ कोरबा के निर्माण में सहयोग करने का आग्रह किया।

