मोहला-मानपुर में बाघ की दहशत : बैल को बनाया शिकार; वनकर्मियों से आमना-सामना, इलाके में हाई अलर्ट

      Date:

      मोहला (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के मानपुर वन परिक्षेत्र में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। औंधी (नवागांव) उप वन परिक्षेत्र के निडेली गांव में बाघ ने एक किसान के बैल पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं।

          जानकारी के अनुसार किसान दसरू राम खेत में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान कुछ दूरी पर चर रहे उसके बैल पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बैल का वन विभाग ने उपचार कराया, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान बाघ के पगचिह्न भी मिले। घटना के बाद क्षेत्र में गश्त कर रही वन विभाग की टीम का भी बाघ से आमना-सामना हो गया। बाघ को बेहद करीब देखकर वनकर्मियों ने सतर्कता दिखाई और सुरक्षित स्थान की ओर हट गए। इसके बाद अधिकारियों ने बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मृत मवेशी के आसपास ट्रैप कैमरे स्थापित किए हैं।

          लगातार बढ़ रही बाघ की सक्रियता

          ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से औंधी क्षेत्र में बाघ की आवाजाही लगातार देखी जा रही है। निडेली गांव के आसपास बीते दो महीनों में मवेशियों पर हमले की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों और पशुपालकों में भय का माहौल बना हुआ है। घटना के दौरान गांव के शेर सिंह ने खेत के पास एक चट्टान पर बैठे बाघ को बेहद करीब से देखा। उन्होंने शोर मचाकर और अपने साथ मौजूद कुत्तों की मदद से बाघ को वहां से भगाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद बाघ जंगल की ओर लौट गया।

          वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी, लोगों से की अपील

          घटना की सूचना मिलते ही वन मंडलाधिकारी दिनेश पटेल मौके पर पहुंचे और प्रभावित किसान से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मृत मवेशी के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही ग्रामीणों से जंगल के आसपास अकेले नहीं जाने, मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ने और बाघ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और बाघ की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related