राजस्व मामलों से लेकर प्रधानमंत्री आवास की लंबित किश्तों तक उठीं समस्याएं, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में कुल 109 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें स्वरोजगार, खसरों की गिरदावरी जांच, भूमि सीमांकन, राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार, नक्शा कटवाने और भूमि संबंधी दस्तावेजों की दुरुस्ती जैसे मामले शामिल रहे। इसके अलावा शिकायतों की जांच, मतदाता सूची में नाम की जांच, प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों का भुगतान, पात्रता की जांच और पशु शेड निर्माण से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। नागरिकों ने अतिक्रमण हटाने, सड़कों की मरम्मत, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, सड़क दुर्घटना बीमा का लाभ और आजीविका संबंधी मांगें भी प्रशासन के समक्ष रखीं। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले लाभ
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। आवेदनों के निराकरण में संवेदनशीलता बरतते हुए नागरिकों को राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी पहल की जाए।
जनदर्शन में पहुंचे 113 आवेदन, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

