एसआईएनजी फोरम 2026 में होंगे शामिल, प्रमुख निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ करेंगे चर्चा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर पहुंच गए हैं। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ का चयन किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मुख्यमंत्री प्रदेश की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे। मुख्यमंत्री फोरम के दौरान आयोजित मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की बैठक में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, बेहतर अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में स्थापित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सिंगापुर में मुख्यमंत्री की सहभागिता के दौरान प्रदेश की विकास क्षमता और निवेश अवसरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

