इलाज के नाम पर ढोंगी बाबा का घिनौना खेल, महिला से दुष्कर्म कर न्यूड फोटो से करता रहा ब्लैकमेल, गिरफ्तार

      Date:

          जांजगीर-चांपा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में इलाज के नाम पर एक ढोंगी बाबा द्वारा महिला से दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले महिला को बीमारी ठीक करने का झांसा दिया, फिर भरोसे में लेकर होटल बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी निर्मल बाबा (60) महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है। उसे हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार किया गया है। मामला पामगढ़ थाना क्षेत्र का है।

          ढोंगी बाबा

          पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी क्षेत्र में पदयात्रा करते हुए आया था और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा कर रहा था। महिला को लंबे समय से शरीर में दर्द की परेशानी थी। वह अपनी सहेली के साथ आरोपी के पास पहुंची, जहां उसने हाथ देखकर सब ठीक करने का दावा किया और मोबाइल नंबर ले लिया। पीड़िता के अनुसार 26 मार्च को आरोपी ने उसे बाजार बुलाया और प्रसाद देकर झांसे में ले लिया। इसके बाद वह महिला को बिलासपुर होते हुए मध्यप्रदेश के मैहर ले गया, जहां एक होटल में ठहराया। वहीं इलाज के नाम पर आरोपी ने महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं। बाद में 1 अप्रैल को उसे बिलासपुर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी लगातार महिला को फोन कर परेशान करता रहा। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो उसने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर तस्वीरें पोस्ट कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

          हिमाचल से हुआ गिरफ्तार

          शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related