मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिलाओं को दिया रक्षाबंधन का तोहफा, हर महीने मिल रही 1 हजार रुपए की सहायता
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त के रूप में बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में 7 अगस्त 2026 को योजना की 30वीं किस्त जारी की गई। इसके साथ ही अब तक प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 19 हजार 444 करोड़ 33 लाख रुपए से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। रक्षाबंधन से ठीक पहले खाते में पहुंची इस राशि से महिलाओं में खासा उत्साह है। महिलाएं इस रकम का उपयोग राखी, मिठाई और उपहार खरीदने के साथ ही घर-परिवार की जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मार्गदर्शन में संचालित महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से दी जाती है। सरकार के अनुसार योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनके सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। महिलाओं का कहना है कि इस बार रक्षाबंधन से पहले योजना की राशि मिलने से पर्व की तैयारियां आसान हुई हैं। कई महिलाएं इस राशि से भाई के लिए राखी और मिठाई खरीदने के साथ घर की जरूरी चीजें भी खरीद रही हैं। सूरजपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों की महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन की नियमित राशि बच्चों की पढ़ाई, भोजन, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों में मददगार साबित हो रही है।
किसी ने दुकान शुरू की, तो किसी ने खरीदी सिलाई मशीन
महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग कई महिलाएं स्वरोजगार के लिए भी कर रही हैं। मुंगेली की अनीता गंधर्व ने राशि बचाकर मनिहारी और सिलाई की दुकान शुरू की। अब वह रोजाना करीब 500 से 1000 रुपए तक की आय अर्जित कर रही हैं। जांजगीर-चांपा की शबीना बेगम ने अपनी चूड़ी की दुकान में नया सामान बढ़ाया, जिससे कारोबार में वृद्धि हुई। वहीं मनेन्द्रगढ़ की गायत्री श्रीवास्तव और रायगढ़ की राशी कंवर ने राशि बचाकर सिलाई मशीन खरीदी और इसे अपनी आजीविका का साधन बनाया।
बच्चों की पढ़ाई से लेकर भविष्य की बचत तक
कोरबा की शकुंतला कुर्रे महतारी वंदन की राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के साथ बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में बचत करने में कर रही हैं। वहीं सक्ती, मोहला और मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र की कई महिलाएं भी इस राशि से घरेलू जरूरतों के साथ छोटे कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं।
30 किस्तों से महिलाओं में बढ़ा आर्थिक भरोसा
1 मार्च 2024 से शुरू हुई महतारी वंदन योजना की अब तक 30 किस्तें जारी हो चुकी हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाएं अपनी जरूरतों के अनुसार खर्च, बचत और निवेश की योजना बना पा रही हैं। कई महिलाओं ने इस राशि को स्वरोजगार से जोड़कर अपनी अतिरिक्त आमदनी का जरिया भी बनाया है। सरकार का कहना है कि योजना से महिलाओं की घरेलू निर्णयों में भागीदारी बढ़ी है और बच्चों की शिक्षा, पोषण तथा स्वास्थ्य पर खर्च करने में भी आर्थिक मदद मिल रही है। रक्षाबंधन से पहले जारी हुई 30वीं किस्त ने महिलाओं के लिए इस पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया है।

