कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने सामाजिक दायित्व के तहत बालकोनगर में स्थानीय समुदाय के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित चिल्ड्रेंस पार्क का लोकार्पण किया। छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर पार्क का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, बालको के मुख्य कॉर्पोरेट अफेयर्स एवं प्रशासन अधिकारी कैप्टन धनंजय मिश्रा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
बता दें कि करीब 13 हजार वर्गफुट क्षेत्र में विकसित यह पार्क पहले कचरे और अनुपयोगी जमीन के रूप में पड़ा था। बालको ने इसे विकसित कर बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल में बदल दिया है। पार्क में बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम, एक्यूप्रेशर पाथवे, हरित लॉन और अरेका पाम के पौधे लगाए गए हैं। वहीं, रखरखाव को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सौर ऊर्जा आधारित जल आपूर्ति प्रणाली भी स्थापित की गई है। लोकार्पण के बाद मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने पार्क का भ्रमण कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का अवलोकन किया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे स्थानीय समुदाय के लिए उपयोगी और प्रेरणादायी बताया।
बालको से क्षेत्र के विकास को मिली नई गति
इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बालको क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कंपनी सड़क, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक भवन और नाली निर्माण जैसे कई विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र की तरक्की में योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास से कोरबा में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। वहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि बालको द्वारा किए जा रहे विकास कार्य क्षेत्र की तस्वीर बदल रहे हैं। आधुनिक पार्क, सामुदायिक भवन, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास में कंपनी का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कंपनी के कार्य क्षेत्र के हर हिस्से में नजर आते हैं।
पार्क को स्वच्छ व सुरक्षित बनाए रखने की अपील
परसाभाठा के पार्षद बद्री किरण ने चिल्ड्रेंस पार्क के निर्माण के लिए बालको का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी उन्नति परियोजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, मशरूम उत्पादन, कोसाकारी, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा आंगनबाड़ी और विद्यालयों के उन्नयन जैसे कई जनकल्याणकारी कार्य लगातार कर रही है। उन्होंने नागरिकों से पार्क को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की।
सतत विकास की दिशा में लगातार प्रयास
बालको ने बताया कि हाल के महीनों में कंपनी ने सामुदायिक भवन, सड़क, पार्क और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी कई परियोजनाएं पूर्ण कर स्थानीय प्रशासन और समुदाय को समर्पित की हैं। इन पहलों के जरिए कंपनी क्षेत्र में बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने और सतत एवं समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बालको में महिलाओं ने संभाली 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था की कमान

