रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की कचहरी शाखा के नए एवं अत्याधुनिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक प्रभाष कुमार सुबुद्धि, उप महाप्रबंधक रमेश सिन्हा और शाखा प्रबंधक अनिल यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि पिछले 50 वर्षों से संचालित कचहरी शाखा अब आधुनिक भवन में स्थानांतरित होकर ग्राहकों को और बेहतर सेवाएं प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि नए परिसर में उपभोक्ताओं को अत्याधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनके कार्य अधिक सरल, सुरक्षित और त्वरित होंगे। मुख्यमंत्री ने बैंकिंग व्यवस्था को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि भारतीय स्टेट बैंक हमेशा अपनी जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन करता आया है और आगे भी ग्राहकों की सेवा में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने शाखा के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों को शुभारंभ की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि एसबीआई की कचहरी शाखा ने हाल ही में अपनी सेवाओं के 50 वर्ष पूर्ण किए हैं। ग्राहकों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं देने के उद्देश्य से शाखा को पंडरी रोड स्थित ऑक्सीजन क्षेत्र के नए परिसर में स्थानांतरित किया गया है, जहां आधुनिक संसाधनों के साथ बेहतर बैंकिंग अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 8 नए साइबर थानों और पुलिस भवनों का किया लोकार्पण

