जनगणना 2027 का शुभारंभ, कलेक्टर दुदावत ने की ऑनलाइन स्व-गणना, नागरिकों से सही जानकारी देने की अपील

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में जनगणना 2027 अभियान का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है। कलेक्ट्रेट कार्यालय में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर ऑनलाइन स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत की। उन्होंने इसे आधुनिक, पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

          कलेक्टर कुणाल दुदावत

          कलेक्टर दुदावत ने बताया कि जिले के नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, सुलभ और समयबद्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जनगणना किसी भी देश और राज्य की योजनाओं की आधारशिला होती है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, पेयजल, सड़क, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की बेहतर योजना बना सकती है।

          1 मई से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

          कलेक्टर ने बताया कि 1 मई 2026 से जनगणना का प्रथम चरण शुरू होगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य करेंगे। यह चरण 30 मई तक चलेगा। इस दौरान आवासीय और गैर-आवासीय भवनों की स्थिति, उपयोग तथा पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई गैस, इंटरनेट और संचार सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान नागरिकों द्वारा दी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय विश्लेषण और नीतिगत योजनाओं के निर्माण में किया जाएगा।

          विकास की दिशा तय करेगी आपकी जानकारी

          कलेक्टर दुदावत ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। ऑनलाइन स्व-गणना में हिस्सा लें और घर-घर सर्वे के दौरान प्रगणकों को सही, स्पष्ट और पूर्ण जानकारी दें, ताकि जिले के विकास की सटीक रूपरेखा तैयार की जा सके। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ओंकार यादव, योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी  मोहन सिंह कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

          राजस्व पखवाड़ा जनता को राहत देने का महत्वपूर्ण माध्यम : कलेक्टर दुदावत

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related