मिशन अमृत 2.0 से संवरेंगे तीन शहर, 7.29 करोड़ से बनेंगे आधुनिक उद्यान : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

      Date:

      • अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में बढ़ेगी हरियाली, 8,732 पौधों के साथ बच्चों के खेल क्षेत्र और खुले व्यायाम स्थल की मिलेगी सुविधा

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। मिशन अमृत 2.0 के तहत अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में आधुनिक उद्यान विकसित किए जाएंगे। तीनों उद्यानों के निर्माण के लिए कुल 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इन उद्यानों में करीब 8,732 पौधे लगाए जाएंगे।

          https://dprcg.gov.in/post/1789826244/रायपुर-मिशन-अमृत-2-0-से-शहरों-में-बढ़ेगी-हरियाली-नागरिकों-को-मिलेंगे-बेहतर-और-सुविधायुक्त-सार्वजनिक-स्थल-मुख्यमंत्री-श्री-विष्णु-देव-साय

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शहरों में नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ऐसे सार्वजनिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जहां लोगों को हरियाली और स्वच्छ वातावरण के साथ मनोरंजन, व्यायाम, पैदल भ्रमण और विश्राम की सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नए उद्यान शहरों के पर्यावरण को बेहतर बनाने के साथ नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल भी साबित होंगे। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के निर्देशन में इन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उद्यानों का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण के बाद पांच वर्षों तक चयनित एजेंसी द्वारा इनका संचालन और रखरखाव किया जाएगा।

          बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए होंगी सुविधाएं

          तीनों उद्यानों में बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और खेल उपकरण, युवाओं एवं नागरिकों के लिए खुले व्यायाम स्थल, पैदल चलने के लिए पथ, बैठने और विश्राम की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय तथा गजिबो जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संवर्धन को ध्यान में रखते हुए वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की जाएगी।

          अहिवारा, मुंगेली व कांकेर में बनेगा सबसे बड़ा उद्यान

          अहिवारा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-1 स्थित शीतला मंदिर क्षेत्र में 0.52 एकड़ भूमि पर उद्यान विकसित किया जाएगा। इसके लिए 2 करोड़ 7 लाख 48 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां करीब 2,115 पौधे लगाए जाएंगे। उद्यान में सौर ऊर्जा से चलने वाली प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, खुला व्यायाम स्थल, बैठने की जगह, पैदल पथ, शौचालय, गजिबो और वर्षा जल संचयन की सुविधा होगी। मुंगेली नगर पालिका के पेंड्राकांपा स्थित महाराणा प्रताप वार्ड में 3.08 एकड़ क्षेत्र में उद्यान विकसित किया जाएगा। इसके लिए 3 करोड़ 52 लाख 32 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। यहां करीब 4,453 पौधे लगाए जाएंगे। बच्चों के खेल क्षेत्र, खुले व्यायाम स्थल, बैठने की व्यवस्था और पैदल पथ के साथ प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, गजिबो तथा वर्षा जल संचयन की सुविधा विकसित की जाएगी। कांकेर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-9 श्रीराम नगर में 0.72 एकड़ भूमि पर आधुनिक उद्यान बनाया जाएगा। इसके लिए 1 करोड़ 69 लाख 44 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां करीब 2,164 पौधे लगाए जाएंगे। उद्यान में बच्चों के खेल उपकरण, खुला व्यायाम स्थल, पैदल पथ, बैठने और विश्राम की जगह, सौर प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, गजिबो और वर्षा जल संचयन की सुविधा उपलब्ध होगी।

          लंबे समय तक रखरखाव पर भी रहेगा जोर

          उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल उद्यानों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उनका लंबे समय तक बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करना भी है। इसी वजह से निर्माण पूरा होने के बाद पांच वर्षों तक चयनित एजेंसी द्वारा संचालन एवं संधारण की व्यवस्था की गई है।नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में पूरे किए जाएं। इससे स्थानीय नागरिकों को जल्द इन आधुनिक और सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थलों का लाभ मिल सकेगा।

          श्रमिकों की मेहनत से बन रहा विकसित छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related