कलेक्टर ने शिक्षक बनकर बच्चों की ली क्लास, गणित के सवाल हल कराकर परखी शैक्षणिक गुणवत्ता

      Date:

      • तरदा और सराईसिंगार के प्राथमिक स्कूलों का किया निरीक्षण, बच्चों से बातचीत कर जानी समस्याएं और जरूरतें

      • स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने और लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के दिए निर्देश

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने कलेक्टर कुणाल दुदावत तरदा और सराईसिंगार के प्राथमिक शालाओं में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों की कक्षा ली। ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर विद्यार्थियों से हल करवाए तथा अंग्रेजी के पाठ पढ़वाकर उनका हिंदी में अनुवाद भी कराया। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीयता से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, स्कूल की सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में जरूरी निर्माण, मरम्मत और अन्य सुविधाओं से जुड़े कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

          कलेक्टर कुणाल दुदावत

          कलेक्टर दुदावत ने तरदा और सराईसिंगार प्राथमिक शालाओं में बच्चों के साथ कक्षा में समय बिताया। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल लिखकर विद्यार्थियों से हल करवाए और सही जवाब देने वाले बच्चों का उत्साह बढ़ाया। इसके साथ ही अंग्रेजी के पाठ पढ़वाकर उनका हिंदी में अनुवाद कराया, ताकि बच्चों की पढ़ने और समझने की क्षमता का आकलन किया जा सके। सराईसिंगार प्राथमिक शाला की पांचवीं कक्षा में कलेक्टर बच्चों के बीच बैठकर उनसे रूबरू हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, मन लगाकर सीखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों से विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और उनकी जरूरतों के बारे में भी चर्चा की।

          पढ़ाई, गणवेश और मध्यान्ह भोजन की ली जानकारी

          निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दोनों स्कूलों में दर्ज एवं उपस्थित विद्यार्थियों की संख्या, गणवेश और पाठ्यपुस्तक वितरण की स्थिति, सुबह के नाश्ते तथा मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तरदा प्राथमिक शाला की शिक्षिका को अंग्रेजी के पाठ पढ़ाने के साथ-साथ उनका हिंदी में अर्थ और अनुवाद भी सरल भाषा में समझाने के निर्देश दिए, ताकि बच्चे विषयों को बेहतर तरीके से समझ सकें।

          स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने और मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश

          कलेक्टर ने तरदा प्राथमिक शाला भवन से लगे पुराने आंगनबाड़ी भवन को शीघ्र हटाने, नए शौचालय निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने, किचन शेड का शेष कार्य पूरा कराने तथा बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं सराईसिंगार प्राथमिक शाला में बच्चों ने कलेक्टर के सामने शौचालय, किचन, खेल सामग्री और फर्नीचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। कलेक्टर ने बच्चों को आश्वस्त किया कि उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने विद्यालय के शिक्षक को जरूरी मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने, नियमित साफ-सफाई, रंगरोगन और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षाओं में पर्याप्त ट्यूबलाइट और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। निरीक्षण के दौरान बिना सक्षम अनुमति के अनुपस्थित पाए गए दो शिक्षकों को नोटिस जारी करने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

          आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण और भोजन व्यवस्था पर दिया जोर

          कलेक्टर ने तरदा और सराईसिंगार के स्कूल परिसरों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में दर्ज एवं उपस्थित बच्चों की संख्या, उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यकताओं और दैनिक गतिविधियों के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से सुबह का नाश्ता और गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में निर्धारित गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा बच्चों की देखभाल, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

          एसईसीएल के पुनर्वास ग्रामों को मॉडल बसाहट के रूप में करें विकसित : कलेक्टर दुदावत

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related