एसबीएस कॉलोनी और गायत्री नगर में सड़क, नाली सहित छह कार्यों की रखी आधारशिला, नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधा
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा शहर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन अंतर्गत एसबीएस कॉलोनी और गायत्री नगर में 91.21 लाख रुपये की लागत से होने वाले छह विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी तथा स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बड़े विकास कार्यों के साथ वार्डों और मोहल्लों की छोटी-बड़ी जरूरतों को भी प्राथमिकता दे रही है। जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में आंतरिक सड़कों का बेहतर निर्माण और जल निकासी के लिए व्यवस्थित नालियों की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे लोगों का आवागमन सुगम होगा और जलभराव जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि मंत्री श्री देवांगन के प्रयासों से राज्य शासन के विभिन्न मदों और जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से कोरबा नगर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नगर निगम के सभी 67 वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रत्येक वार्ड की मूलभूत समस्याओं का निराकरण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, पार्षद श्रीमती धनकुमारी गर्ग, श्रीमती वर्षा वैष्णव, श्रीमती सिमरन कौर, मुकुंद कंवर,नारायण कुर्रे, एल्डरमैन श्रीमती वैशाली रत्नपारखी, राजेश राठौर, प्रफुल्ल तिवारी, श्रीमती रुक्मणी नायर, दिनेश वैष्णव, सुशील गर्ग, श्रीमती स्मिता सिंह, आरडी भारद्वाज, श्रीमती राजकुमारी पटेल, एल्डरमैन दीपक पटेल, राम अवतार पटेल, भुवनेश्वर कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
छह विकास कार्यों की रखी गई आधारशिला
भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर में शिव मंदिर के सामने 8.45 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 28 में सामुदायिक भवन अपना घर के पीछे 7.80 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण एवं पेवर ब्लॉक का कार्य तथा कैरियर पब्लिक स्कूल के पास 16.50 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा। इसी तरह वार्ड क्रमांक 30 गायत्री नगर में उमा के घर से जीवन यादव के घर तक तथा लाल के घर से संतोषी साहू के घर तक विभिन्न स्थानों पर 23.46 लाख रुपये की लागत से नालियों का निर्माण किया जाएगा। वार्ड क्रमांक 28 के एसईसीएल क्रमांक-1 अंतर्गत कुआंभट्टा बस्ती में मेहंदीपुर बालाजी हनुमान मंदिर के पास 15 लाख रुपये की लागत से नाली निर्माण होगा। वहीं वार्ड क्रमांक 29 में संतोषी कुटी सहित अन्य स्थानों पर कांक्रीटीकरण, वेद जायसवाल के घर से उमेश साहू के घर तक सीसी रोड निर्माण तथा नालियों पर ढक्कन लगाने का कार्य 20 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इन सभी छह विकास कार्यों की कुल स्वीकृत राशि 91.21 लाख रुपये है।
शनिवार को भी 1.73 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन
शहर में विकास कार्यों की निरंतरता बनाए रखते हुए शनिवार को भी उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में दो स्थानों पर भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन में विजय अपार्टमेंट के पास दोपहर 3 बजे 75.20 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन होगा। इसके बाद कोसाबाड़ी जोन के दादर चौक सामुदायिक भवन के पास शाम 4 बजे 98.15 लाख रुपये की लागत के कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी। दोनों स्थानों पर कुल 1 करोड़ 73 लाख 35 हजार रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित हैं।
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर डामरीकरण कार्य का किया निरीक्षण

