वेल्डिंग की चिंगारी से भड़की आग, धमाकों से मचा हड़कंप; कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं
भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। भिलाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और दो टैंकर आ गए। इस दौरान लगातार धमाकों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया।
फैक्ट्री से उठ रहा काला धुआं करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आग बुझाने में दमकल टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी की मदद से जल चुके ड्रमों को बाहर निकाला गया। आग पर काबू पाने के लिए एसडीआरएफ की टीम फोम के 15 डिब्बे लेकर मौके पर पहुंची। सीआईएसएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फैक्ट्री में मौजूद फोम खत्म होने के बाद अतिरिक्त फोम की व्यवस्था की गई। कुछ मजदूरों के घायल होने की सूचना है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

