सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश, गिरदावरी और डिजिटल फसल सर्वे में तेजी लाने निर्देश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों, टीएल मामलों, जनशिकायतों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की वास्तविक स्थिति की जांच कर संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों के लिए कार्ययोजना के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों के पंजीयन और फसल सर्वे में तेजी
एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के शत-प्रतिशत किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गिरदावरी और डिजिटल फसल सर्वे की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी गांवों में सर्वे कार्य में तेजी लाने और इसे निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। राजस्व अधिकारियों को ग्रामवार प्रगति की नियमित समीक्षा और निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
सड़क और पुल निर्माण कार्यों की भी समीक्षा
कलेक्टर ने बालको-रिस्दी रोड, ध्यानचंद चौक, बालको ब्रिज, उरगा-सीतामढ़ी मार्ग और बरमपुर ब्रिज से जुड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सुनालिया पुल के पास प्रस्तावित अंडरपास निर्माण की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा सुशासन तिहार, कलेक्टर जनदर्शन और विभिन्न जनशिकायतों से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर कलेक्टर दुदावत ने प्राचार्यों को दिए आवश्यक निर्देश

