रतनपुर के मां महामाया मंदिर में सपत्नीक की पूजा, वृद्धाश्रम में बांटे गर्म कपड़े और फल; शिशुगृह पहुंचकर बच्चों के साथ साझा की खुशियां
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने जन्मदिन के अवसर पर धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। वहीं, शिशुगृह में बच्चों के साथ समय बिताकर उनके बीच खुशियां साझा कीं।

उप मुख्यमंत्री साव ने रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर, श्री सिद्धि विनायक मंदिर और भैरो बाबा मंदिर में सपत्नीक पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे बिलासपुर के कल्याण कुंज वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। कल्याण कुंज वृद्धाश्रम में उप मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों को गर्म कपड़े और फल वितरित किए। उन्होंने वरिष्ठजनों के साथ समय बिताया और उनका स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव कुदुदंड स्थित सेवा भारती द्वारा संचालित ‘मातृ छाया’ शिशुगृह पहुंचे। यहां उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनके बीच खुशियां साझा कीं। साथ ही शिशुगृह में संचालित सेवा कार्यों में सहभागिता की।
सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से बनाएं सफल : उपमुख्यमंत्री अरुण साव

